ट्रैफिक नियम तोड़े तो ड्रोन करेगा पीछा, इंदौर पुलिस की तीसरी आंख से बचना मुश्किल
इंदौर में ट्रैफिक पुलिस ड्रोन के माध्यम से करेगी चालानी कार्रवाई, पहले चौराहे पर बच गए तो दूसरे पर होगा चालान.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 20, 2026 at 4:58 PM IST
|Updated : February 20, 2026 at 10:31 PM IST
इंदौर : शहर में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने वाले अब सावधान हो जाएं. इंदौर पुलिस ने अब शहर के चौराहों पर अपनी तीसरी आंख को तैनात कर दिया है, जिससे बचना मुश्किल होगा. इंदौर ट्रैफिक पुलिस नियम तोड़ने वालों पर अब ड्रोन से नजर रख रही है और ऐसे लोग ड्रोन की नजरों से बच नहीं पाएंगे. इंदौर में पहली बार ड्रोन की मदद लेकर चालानी कार्रवाई शुरू की गई है.
अब नियम तोड़ा तो चालान कटकर ही रहेगा
शहर की ट्रैफिक पुलिस ड्रोन के माध्यम से इंदौर के विभिन्न चौराहों पर निगरानी कर रही है. बाकायदा शहर के चौराहों के ऊपर उड़ रहे ड्रोन कंट्रोल रूम में लाइव फुटेज भेज रहे हैं और वहां से ही हर वाहन चालक पर नजर रखी जा रही है. सिग्नल ब्रेक, एक्सीडेंट, बिना हेलमेट चलने या किसी भी ट्रैफिक नियम तोड़ने पर वाहन नंबर निकालकर चालान भेजने या अगले चौराहे पर चालान करने की कार्रवाई की जा रही है.
इन चौराहों पर उड़ रहे ट्रैफिक पुलिस के ड्रोन
प्रारंभिक तौर पर इंदौर के पलासिया, गीता भवन, इंद्रप्रस्थ चौराहा, इंडस्ट्रीज हाउस, आनंद बाजार, रीगल चौराहे पर इसे शुरू किया जा रहा है. साथ ही ड्रोन के माध्यम से इसे ऑनलाइन तरीके से इंदौर पुलिस कंट्रोल रूम के मुख्य कंट्रोल रूम पर मौजूद अधिकारियों द्वारा देखा जाएगा और त्वरित कार्रवाई की जाएगी.
शहर के सभी चौराहों पर होगी ड्रोन की तैनाती
इसे लेकर इंदौर ट्रैफिक डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने कहा, '' ड्रोन हर वाहन पर नजर रखेगा. यदि कोई भी वाहन चालक ट्रैफिक नियम तोड़ते हुए नजर आएगा तो उसे अगले चौराहे पर रोक कर उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी. इंदौर में पहली बार ट्रैफिक पुलिस ड्रोन के माध्यम से निगरानी रख रही है. प्रारंभिक तौर पर कुछ प्रमुख चौराहों पर इसकी शुरुआत की जाएगी और आने वाले दिनों में इंदौर शहर के अन्य चौराहों पर भी ड्रोन तैनात किए जाएंगे.''
यह भी पढ़ें-
- औकातबाजी के बाद बोले कैलाश विजयवर्गीय- कभी कभी गुस्सा आ जाता है, ज्योतिषी को दिखाना पड़ेगा
- चूहों वाले अस्पताल में अब बिल्ली की म्याऊं, HIV वार्ड में घूमती दिखी बिल्ली, एजेंसी पर 50 हजार का जुर्माना
- एमबीए छात्रा की हत्या का आरोपी मीडिया के सामने मुस्कुराया, बोला- क्यों मारा टाइम आने पर बताऊंगा
इंदौर में इस तरह का प्रयोग पहली बार किया जा रहा है. ट्रैफिक की समस्या के साथ यहां ट्रैफिक नियमों की अनदेखी भी काफी ज्यादा होती है, अब देखना यह होगा कि ट्रैफिक पुलिस के ड्रोन ट्रैफिक नियमों का पालन कराने में कितने कारगर साबित होते हैं.

