पुलिस ने निकाल दी फटफटियों की हीरोगिरी, रौंदे 1500 मॉडिफाइड साइलेंसर
इंदौर में करीब 1500 मॉडिफाइड साइलेंसरों को किया गया नष्ट, हूटरों पर भी की गई कार्रवाई. ऐसे साइलेंसर बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी एक्शन.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : November 11, 2025 at 2:49 PM IST
इंदौर: ट्रैफिक पुलिस इंदौर शहर में लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. इस कड़ी में ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को पिछले तीन महीने में जब्त किए गए करीब डेढ़ हजार मॉडिफाइड साइलेंसरों को रोड रोलर से नष्ट करा दिया. इस दौरान पुलिस ने 70 हूटरों को भी नष्ट किया. ऐसे वाहनों की वजह से शहर में शोर शराबा बढ़ता है. इसी बढ़ते शोर-शराबे और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए विभाग ने पिछले 3 से 4 महीनों से लगातार व्यापाक कार्रवाई कर रही है.
1500 मॉडिफाइड साइलेंसरों को किया गया नष्ट
पिछले तीन महीनों से यातायात प्रबंधन पुलिस के अधिकारियों ने अपने क्षेत्र में मुख्य मार्गों और चौराहों पर टीम बनाकर सघन चेकिंग की है. इस दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर से ध्वनि प्रदूषण करने और अनधिकृत हूटर के उपयोग पर मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई. मौके पर मॉडिफाइड साइलेंसर और हूटर भी जब्त किए गए. विजयनगर क्षेत्र में डीसीपी (यातायात) आनंद कलादगी और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में जब्त किए गए 1500 साइलेंसर और 70 हूटर पर रोड रोलर चलाकर उन्हें नष्ट किया गया.
- मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वालों की खैर नहीं, उज्जैन में 5 लाख के साइलेंसर पर चला बुलडोजर
- सहन हो रहा है, पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर वालों की ऐसे निकाली हीरोगिरी
साइलेंसर बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई
इंदौर ट्रैफिक पुलिस के द्वारा इस तरह की करवाई पहले भी कई बार की जा चुकी है. डीसीपी आनंद कलादगी ने बताया कि "नियमों का उल्लंघन कर तेज ध्वनि उत्पन्न करने वाले वाहन चालकों और ऐसे साइलेंसर बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है. इसके अलावा उन्हें लगातार हिदायत दी जा रही है कि ऐसे मॉडिफाइड साइलेंसर बेचना गैरकानूनी है. ऐसे साइलेंसरों को जब्त करने की हिदायत दी गई है." डीसीपी आनंद के द्वारा बताया गया कि आने वाले दिनों में भी यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.

