क्लीन सिटी में छाई थलापति विजय की वॉल पेंटिंग, हिंदी भाषी राज्यों में भी लोकप्रिय
इंदौर में स्वच्छता और अनुशासन के लिए प्रेरित कर रही विजय थलापति की वॉल पेंटिंग, हिंदी भाषी राज्यों में उनकी एक्टिंग की विशेष छाप.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : June 29, 2026 at 10:00 PM IST
इंदौर: शहर में साउथ फिल्म के एक्टर थलापति विजय की वॉल पेंटिंग बनाई गई है. वर्तमान में वे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री हैं. वे साउथ फिल्म के प्रसिद्ध एक्टर हैं, लेकिन उनके फैन सिर्फ साउथ में ही नहीं, बल्कि पूरे भारत में हैं. इंदौर के लोग उनके इंस्पेक्टर वाले रोल के कायल हैं, जिसको लेकर उनकी एक पेंटिग शहर के रक्षित केंद्र के बाहर बनाई गई है.
इंदौर में थलापति विजय की वॉल पेंटिंग
दक्षिण भारतीय फिल्मों में अपनी धुरंधर एक्टिंग की बदौलत करोड़ों लोगों के दिलों पर राज करने वाले थलापति विजय हिंदी भाषी राज्यों में भी लोकप्रिय हैं. स्वच्छ शहर इंदौर में थलापति की लोकप्रियता का आलम यह है कि यहां उन्हें चाहने वाले लोग उनकी इंस्पेक्टर वाली इमेज के दीवाने हैं. यही वजह है कि जब शहर की दीवारों पर स्वच्छता का संदेश और अलग-अलग थीम पर वॉल पेंटिंग का मौका आया तो शहर के चित्रकारों ने थलापति विजय की इंस्पेक्टर वाली इमेज को दीवार पर उतार दिया.
अनुशासन के लिए प्रेरित कर रही है वॉल पेंटिंग
इंदौर के डीआरपी लाइन इलाके में जहां शहर की पुलिस के तमाम कर्मचारियों की आवाजाही और प्रशासकीय गतिविधियां रहती हैं, वहीं थलापति की पुलिस ऑफिसर वाली फोटो को वॉल पेंटिंग के जरिए तैयार किया गया है. जिससे कि यहां से गुजरने वाले सामान्य लोगों के अलावा पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी भी विजय की फिल्मों की तरह ही स्वच्छता और अनुशासन के लिए प्रेरित हो सकें.
चित्रकार भी हैं विजय थलापति के बड़े फैन
वहीं, जब विजय थलापति की वॉल पेंटिंग बनाने वाले आर्टिस्ट संतोष राज से 'ईटीवी भारत' ने बात की, तो उन्होंने बताया कि "हम उनके (विजय) बहुत बड़े फैन हैं. उनकी सभी फिल्में हम देखते हैं." वहीं, उनसे जब पूछा गया कि क्या आपको पता है कि वे अब मुख्यमंत्री बन गए हैं, तो उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी हमें नहीं थी."
- पाताल से जमीन पर चलेगी इंदौर में ट्रेन, थाइलैंड से आ रही करिश्माई मशीनें खोदेंगी सुरंगे
- मध्य प्रदेश के 6 शहरों में फर्राटा भरने आई AC इलेक्ट्रिक बसें, रूट और किराया फिक्स
महापौर पुष्यमित्र भार्गव का कहना है कि "जब वह मुख्यमंत्री नहीं थे, तब से इंदौर के कई आर्टिस्ट उन्हें पसंद करते हैं. इसके अलावा बड़ी संख्या में यहां ऐसे लोग हैं, जो विजय थलापति की अधिकांश मूवी देखे हुए हैं. उनकी एक्टिंग की एक विशेष छाप हिंदी भाषी राज्यों में हैं."

