ETV Bharat / state

आस्था के रंगों से कृष्ण भक्ति, कैनवास बना भक्ति का माध्यम, अलग-अलग लीलाओं की 25 तस्वीरें

इंदौर में डॉ रूचि अग्रवाल ने लगाई 14वीं सोलो पेंटिंग एग्जीबिशन, देशभर के अलग-अलग शैली में 25 से ज्यादा भगवान श्रीकृष्ण के आर्ट दिखे एकसाथ.

INDORE KRISHNA PAINTING EXHIBITION
आस्था के रंगों से कृष्ण भक्ति (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 28, 2026 at 2:21 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रिपोर्ट: सिद्धार्थ माछीवाल

इंदौर: भगवान के प्रति आस्था और आराधना के यूं तो कई रूप हैं लेकिन इंदौर की एक ऐसी डॉक्टर हैं, जिन्होंने अपने पेंटिंग के हुनर को ही भगवान कृष्ण के प्रति आस्था का जरिया बना लिया है. वे कई सालों से भगवान कृष्ण की पेंटिंग अलग-अलग शैलियों में बना रही हैं. इन चित्रों का मुख्य विषय देशभर में भगवान कृष्ण के मंदिर और भगवान कृष्ण से जुड़े रंगों को दिखाता है.

अलग-अलग शैली में बनाती हैं श्रीकृष्ण की तस्वीर

इंदौर में डॉ रूचि अग्रवाल ने अपनी 14वीं सोलो पेंटिंग एग्जीबिशन लगाई हैं. वे एक ऐसी चित्रकार हैं, जो अलग-अलग शैलियों में सिर्फ भगवान कृष्ण के ही चित्र बनाती हैं. ये चित्र भारत के अलग-अलग क्षेत्रों के मंदिरों में भगवान कृष्ण के अलग-अलग रंग-रूप को दर्शाता है. उनकी पेंटिंग में राजस्थान के पिछवाई और मंडाना, बिहार के मधुबनी और केरल शैली में भगवान श्रीकृष्ण दिखते हैं.

भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं और शैली की पेटिंग्स प्रदर्शनी (ETV Bharat)

बचपन से घर में रहा कृष्ण भक्ति का माहौल

डॉ रूचि अग्रवाल बताती हैं कि "बचपन से ही मेरे परिवार में कृष्ण भक्ति का माहौल रहा. इसी माहौल में पली-बढ़ी और बचपन से ही भगवान कृष्ण की पूजा के लिए मंदिर तैयार करने, मंडाना बनाने और भगवान कृष्ण की मूर्ति का श्रृंगार करने की जिम्मेदारी मिली. होश संभाला तो चित्रकारी शुरू की, तो मन-मस्तिष्क में भगवान कृष्ण की ही छवि बार-बार उभर कर आई. विभिन्न तीर्थ यात्रा के दौरान देखे गए भगवान कृष्ण के मंदिर और उनमें अपनी यादों को पेंटिंग का विषय बना लिया."

पेंटिंग बना कृष्ण भक्ति का माध्यम

बीते कई सालों से डॉ रूचि अग्रवाल कैनवास पर भगवान कृष्ण की पेंटिंग्स बना रही हैं. उनकी हर पेटिंग में भक्ति भावना दिखती है. उन्होंने भगवान कृष्ण को ही अपना आर्ट सब्जेक्ट बना लिया. वे एब्स्ट्रेक्ट थीम के साथ एक्रेलिक कलर पर आधारित पेंटिंग्स भी बनाती हैं. इस बार उन्होंने इंदौर में 14वीं सोलो पेंटिंग एग्जीबिशन आयोजित की है. जिसमें उनकी 25 से ज्यादा आर्ट में कृष्ण की अलग-अलग लीलाएं प्रदर्शित की गई हैं.