गवाहों से सोनम कर सकती है छेड़छाड़, सु्प्रीम कोर्ट के फैसले पर राजा के परिवार का बयान
इंदौर राजा रघुवंशी मामले में शुक्रवार को हुई सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, सोनम की जमानत पर रोक लगाने से इनकार, क्या बोले राजा के परिजन.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 3, 2026 at 7:32 PM IST
इंदौर: ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले में शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई. जहां सर्वोच्च न्यायालय ने राजा की पत्नी व आरोपी सोनम रघुवंशी की जमानत पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है. इसका मतलब है कि कोर्ट ने सोनम की जमानत को यथावत रखा है. हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने सोनम को नोटिस भेजकर जवाब भी मांगा है. वहीं आज हुई सुनवाई को लेकर राजा के घरवालों ने कहा कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट पर पूरा भरोसा है.
राजा के परिवार ने सुप्रीम कोर्ट पर जताया भरोसा
राजा की मां उमा रघुवंशी ने ईटीवी भारत से बात करते हुए कहा कि "उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है. उमा रघुवंशी ने कहा कि एक मां को पूरी उम्मीद है, मुझे न्याय मिलेगा. उन्होंने कहा मुझे सुप्रीम कोर्ट पर पूरा भरोसा है." इसके साथ ही राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने कहा कि "आगे अपनी सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट हमारे पक्ष में फैसला सुनाएगा, उस पर हमें यकीन है. विपिन ने कहा कि मेघालय पुलिस और मेघालय सरकार ने जो काम किया, वह बहुत अच्छा है. वह भी चाहते हैं कि सोनम ज्यादा दिन तक जमानत पर बाहर न रहे.
विपिन बोला-गवाहों से छेड़छाड़ कर सकती है सोनम
विपिन ने कहा कि वह जमानत पर ज्यादा दिन बाहर रही तो भाग भी सकती है, नहीं तो सबूतों या गवाहों से छेड़छाड़ कर सकती है. जो लड़की अपनी पति का मर्डर करके भाग सकती है, वह कुछ भी कर सकती है. इसलिए उसकी जमानत रद्द करना चाहिए. इस दौरान विपिन ने पुणे केतन हत्याकांड की आरोपी सिया की तरफ इशारा करते हुए कहा कि सोनम को देखकर दूसरी लड़कियां भी हत्या करना सीख रही हैं. उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं इस मामले में सीबीआई जांच हो, क्योंकि जांच में अगर शिलांग पुलिस में कोई गलती की है तो वह आने वाले जांच में उसका असर न पड़े.
सुप्रीम कोर्ट का सोनम की जमानत पर रोक लगाने से इनकार
बात करें आरोपी सोनम रघुवंशी की सुनवाई मामले की, तो शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल सोनम की जमानत पर रोक लगाने से मना कर दिया है. कोर्ट ने कहा कि सोनम पहले से ही जेल से रिहा हो चुकी है, इसलिए इस समय उसकी रिहाई में दखल देना उचित नहीं होगा. हालांकि कोर्ट ने नोटिस जारी करते हुए सोनम से पूछा है कि आखिर क्यों न आपकी बेल खारिज की जाए?

- क्या सोनम रघुवंशी फिर जाएगी जेल? मेघालय सरकार के एक कदम से परिजनों की आस बंधी
- नेपाल नहीं शिलांग है सोनम का फेवरेट डिस्टिनेशन, किसे बताया झूठा, जवाब सुन उड़े होश
मेघालय सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले को दी चुनौती
बता दें मेघालय सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, जहां जिला कोर्ट से सोनम को मिले जमानत को हाईकोर्ट ने रद्द करने के बजाए यथावत रखा है. मेघालय सरकार ने सोनम रघुवंशी की जमानत याचिका रद्द करने की मांग कर रही है. बताया जा रहा है मामले की अगली सुनवाई गुरुवार को होगी.

