इंदौर के MGM में रैगिंग, मेडिकल स्टूडेट्स को सीनियर्स ने शराब पिला डांस करवाया
इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज में रैगिंग की घटना से हड़कंप. पीड़ित स्टूडेंट्स ने अज्ञात के नाम से पत्र भेजकर की शिकायत.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : December 21, 2025 at 11:27 AM IST
इंदौर : महात्मा गांधी मेमोरियल (MGM) मेडिकल कॉलेज में जूनियर्स के साथ रैगिंग का मामला सामने आने के बाद प्रबंधन चिंतित है. इस मामले की शिकायत जूनियर स्टूडेंट्स ने अज्ञात के नाम से पत्र भेजकर एमजीएम मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से की है. प्रबंधन जांच पड़ताल करने में जुटा है.
फ्लैट में बुलाकर शराब पिलाकर पिटाई
इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज में लगातार रैगिंग के मामले सामने आ रहे हैं. प्रबंधन को जूनियर छात्रों का पत्र मिला. पत्र में लिखा "सीनियर स्टूडेंट्स जूनियर्स को अपने निजी फ्लैट पर बुलाते हैं और वहां पर शराब पिलाकर मारपीट कर डांस करवाते हैं. ऐसा नहीं करने पर प्रताड़ित किया जाता है." पत्र मिलने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने जांच शुरू कर दी है. जांच करने के लिए कॉलेज प्रबंधन ने कमेटी बनाई है.
जांच कमेटी ने पीड़ित छात्रों के बयान लिए
जांच कमेटी ने कई छात्रों के बयान लिए हैं. जूनियर छात्रों ने रैगिंग के बारे में घटनाओं की पुष्टि की है. ये भी सामने आया है कि सीनियर्स अपने साथ जबरन क्रिकेट मैच खिलाते हैं. इस दौरान उन्हें सिर्फ फील्डिंग करवाई जाती है, बैटिंग नहीं दी जाती है. जब वे फील्डिंग करने से मना करते हैं तो उनके साथ बदसलूकी की जाती है.
- "कपड़े उतार कर अश्लील गाने पर डांस करो", ग्वालियर जीवाजी यूनिवर्सिटी में रैगिंग
- उड़ीसा में मध्यप्रदेश के 16 छात्रों की रैगिंग, माइग्रेशन प्रोग्राम के तहत गए थे पढ़ने, हो गई धुनाई
रैगिंग करने वालों की पहचान करने की कोशिश
एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन अरविंद धनेरिया ने बताया "रैगिंग की शिकायत मिली है. जांच कमेटी गठित कर छात्रों के बयान लिए जा रहे हैं. कुछ छात्रों द्वारा रैगिंग की घटना की पुष्टि की गई है. अब उन छात्रों को चिह्नित किया जा रहा है, जो रैगिंग लेते हैं. जल्द ही कार्रवाई की जाएगी." एमजीएम मेडिकल कॉलेज में यह दूसरी घटना है, इसके पहले भी एक घटना सामने आई थी. उस समय कुछ छात्रों को सस्पेंड भी किया गया था.

