ETV Bharat / state

शिवपुरी में हत्या का आरोपी कांस्टेबल नौकरी से बर्खास्त, बचने के लिए लगाया था दिमाग हुआ फेल

शिवपुरी में एक युवक की हत्या का आरोपी इंदौर का आरक्षक नौकरी से बर्खास्त. शिवपुरी पुलिस ने आरक्षक पर घोषित किया 10 हजार का इनाम.

SHIVPURI MURDER CONSTABLE DISMISSED
फरार चल रहा है हत्या का आरोपी आरक्षक (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : November 13, 2025 at 2:40 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

इंदौर: प्रॉपर्टी विवाद के चलते शिवपुरी में एक युवक की हत्या कर दी गई थी. यह वारदात बीती जुलाई में हुई थी. हत्या का आरोप इंदौर में पदस्थ आरक्षक भानु प्रताप सिंह तोमर और उसके कुछ साथियों पर लगा था. आरक्षक के साथी घटना के कुछ दिनों के बाद ही गिरफ्तार हो गए थे, लेकिन आरक्षक अभी भी फरार चल रहा है. शिवपुरी पुलिस द्वारा उसके ऊपर 10 हजार के इनाम भी घोषित किया गया है. अब इंदौर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपी आरक्षक को सेवा से बर्खास्त कर दिया है. उसकी तलाश लगातार जारी है.

अधिकारियों को बताए बिना नौकरी से गायब था आरक्षक

इंदौर एडीशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया से मिली जानकारी के अनुसार, बीती 23-24 जुलाई की दरमियानी रात को शिवपुरी निवासी अजय तोमर की हत्या कर दी गई थी. शिवपुरी पुलिस की जांच में सामने आया कि ये हत्या इंदौर में पदस्थ आरक्षक भानु प्रताप सिंह तोमर और उसके कुछ साथियों द्वारा की गई है. शिवपुरी पुलिस ने इंदौर पुलिस को सूचना दी.

शिवपुरी में हत्या के आरोपी आरक्षक को किया गया बर्खास्त (ETV Bharat)

इंदौर पुलिस की जांच में पता चला कि भानु प्रताप 21 जुलाई से 25 जुलाई के बीच छुट्टियों पर था, लेकिन 24 तारीख को थाने में पहुंचकर उसने बायोमेट्रिक अटेंडेंस लगाई और रजिस्टर पर हस्ताक्षर भी किए. इसके बाद से वो गायब हो गया. जांच में ये भी पता चला कि आरोपी आरक्षक 6 महीने से बिना वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किए हुए छुट्टी पर था.

इंदौर पुलिस अधिकारियों ने आरक्षक को किया बर्खास्त

घटना के अगले दिन से ही आरोपी आरक्षक फरार चल रहा है. शिवपुरी पुलिस लगातार उसकी तलाश में है. उसके बाकी साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन अभी तक भानु प्रताप पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है. शिवपुरी पुलिस ने उसपर 10 हजार का इनाम भी घोषित किया है. इस कड़ी में कार्रवाई करते हुए गुरुवार को इंदौर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वार आरोपी आरक्षक को बर्खास्त कर दिया गया है. वह डीसीपी मुख्यालय में पदस्थ था. इंदौर और शिवपुरी पुलिस मिलकर आरक्षक की तलाश कर रही है.