घरों में घुस चोरी की 100 वारदात, इंदौर में 101वीं चोरी पड़ी महंगी, पुलिस ने महाराष्ट्र से दबोचा
इंदौर पुलिस ने चोरी के मामले में महाराष्ट्र के अकोला में दबिश देकर शातिर चोर को किया गिरफ्तार. 10 लाख के गहने बरामद.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : December 13, 2025 at 1:15 PM IST
इंदौर : इंदौर पुलिस ने महाराष्ट्र के अकोला से शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है. ये बहुत शातिर बदमाश है. वह अभी तक चोरी की 100 वारदात कर चुका है. हाल ही में उसने इंदौर में एक मकान से 10 लाख रुपए के सोने चांदी के जेवरात उड़ाए थे. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश को अकोला से गिरफ्तार किया. उसके पास से चोरी के गहने बरामद किए गए हैं. पुलिस पूछताछ जारी है.
पहले बाइक चुराई, फिर एक घर साफ किया
हाल ही में इंदौर के पलासिया थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला के घर से 10 लाख रुपए के सोने चांदी के जेवरात चोरी हुए थे. पुलिस ने इस मामले में पुलिस ने अकोला में रहने वाले अब्दुल रशीद उर्फ तलवार को गिरफ्तार किया है. अब्दुल रशीद मूल रूप से इंदौर के नार्थ तोड़ा का रहने वाला है. वह कई साल से अकोला में रह रहा है. पिछले दिनों एसआईआर फॉर्म भरने के लिए वह यहां आया था. इसी दौरान उसने तिलक नगर थाना क्षेत्र से बाइक चुराई.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़ा
चोरी की बाइक से ये बदमाश पलासिया थाना क्षेत्र में पहुंचा और यहां पर हॉस्टल संचालित करने वाली एक महिला के फ्लैट से 10 लाख के सोने चांदी के गहने चुराए. इसके बाद वह इंदौर से फरार हो गया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी अब्दुल रशीद उर्फ तलवार सिंह को गिरफ्तार किया. फिलहाल पूछताछ में उसके खिलाफ 61 से अधिक चोरी की वारदातों की जानकारी मिली है. पुलिस को लगता है कि वह करीब 100 चोरी कर चुका है.
- रीवा में अंतरराज्यीय बाइक चोर बेनकाब, वारदात के बाद पहचान छुपाने मुंडवा लेते थे सिर
- मध्य प्रदेश में अनूठी चोरी, बन-ठनकर कार से आया युवक, लॉ चैम्बर से अखबार चुरा ले गया
अकोला में हत्या भी कर चुका आरोपी
इंदौर डीसीपी राजेश व्यास ने बताया "आरोपी ने चोरी की कई वारदात स्वीकार की हैं. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. जल्द ही कुछ और खुलासे हो सकते हैं." आरोपी अब्दुल रशीद इंदौर का रहता था. लेकिन महाराष्ट्र के अकोला में उसने शादी की और वहीं बस गया. अकोला में उसने एक व्यक्ति की गर्दन काट दी थी और उसके बाद उसका नाम तलवार सिंह भी हो गया.

