नई टेक्नोलॉजी से अपग्रेड ऑफ रोड कारें भरेंगी फर्राटा, पीथमपुर में रोमांचक मुकाबले
देश के ऑटोमोबाइल इंजीनियर्स स्टूडेंट्स का गजब इनोवेशन, पुरानी कारों को किया आधुनिक. पीथमपुर में 11 जनवरी से कंप्टीशन.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 7, 2026 at 12:39 PM IST
इंदौर: ऑटोमोबाइल सेक्टर में अब सुपर कारों को भी लगातार अपग्रेड करने की होड़ है. नए ऑटोमोबाइल इंजीनियर ऑफ रोड कारों में नई टेक्नोलॉजी का उपयोग कर रहे हैं. ऐसे तमाम इनोवेशन BAJA SAEINDIA (सोसाइटी ऑफ ऑटोमोटिव इंजीनियर्स इंटरनेशनल) के रोमांचक मुकाबले में नजर आएंगे.
BAJA SAEINDIA का 19 वां संस्करण
भविष्य की ऑफ रोड कार डिजाइन के अलावा ऑटोमोबाइल सेक्टर में नए इनोवेशन अपनाने के लिए आयोजित होने वाली BAJA SAEINDIA के 19 वें संस्करण की शुरुआत इंदौर से होने जा रही है. प्रतियोगिता का शुभारंभ उच्च शिक्षा तकनीकी शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार द्वारा किया गया. यह प्रतियोगिता 11 जनवरी 2026 तक मध्य प्रदेश के पीथमपुर स्थित NATRAX में आयोजित होगी.

ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग के छात्रों का कमाल
यह पहला मौका है जब देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग के छात्रों द्वारा तैयार की गई ऑफ रोड कारों में इलेक्ट्रिक और हाइड्रोजन ईंधन की टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जाएगा. टॉर्क टू ट्रायम्फ (Torque to Triumph) थीम पर प्रतियोगिता होगी. इसके बाद HR मीट 12 एवं 13 जनवरी 2026 को एक्रोपोलिस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड रिसर्च, इंदौर में आयोजित होगी. इस बार देशभर से कुल 90 eBAJA टीमें एवं 21 hBAJA टीमें फिजिकल राउंड में भाग ले रही हैं.
ऑफ रोड कारों में आधुनिक तकनीकी का प्रयोग
प्रतियोगिता में कार डिज़ाइन, सेल्स, कॉस्ट, CAE, सस्टेनेबिलिटी, इनोवेशन एवं मैन्युफैक्चरिंग एक्सीलेंस जैसे कड़े स्टैटिक इवेंट्स, तथा स्लेज पुल, एक्सेलरेशन, सस्पेंशन एवं ट्रैक्शन, मैन्युवरेबिलिटी जैसे रोमांचक डायनामिक इवेंट्स शामिल होंगे, जिनका समापन 4 घंटे की एंड्योरेंस रेस के साथ होगा.
इस प्रतियोगिता में शामिल होने जा रही ऑफ रोड कारों में महत्वपूर्ण तकनीकी नवाचार शामिल किए गए हैं, जिनमें eBAJA के लिए नया 72V ट्रैक्टिव सिस्टम, hBAJA में हाइड्रोजन ब्लेंडिंग को 5% से बढ़ाकर 18% किया जाना, hBAJA टीमों के लिए Greaves G395WVI हल्के एल्युमिनियम इंजन को शामिल किया गया है.
4 अलग-अलग श्रेणी में होंगे आयोजन
BAJA SAEINDIA आयोजन समिति के अध्यक्ष एस. बलराज ने बताया "हमने मात्र 17 टीमों के साथ इस आयोजन की शुरुआत की थी, जो अब चार अलग-अलग श्रेणियों में विस्तारित हो चुका है. हमारे कई पूर्व छात्र वैश्विक स्तर पर उद्योग जगत के प्रमुख हैं."
आयोजन की मेजबानी कर रहे एक्रोपोलिस इंस्टीट्यूट के ग्रुप डायरेक्टर प्रो. अतुल भरत के कहा "BAJA SAEINDIA केवल एक प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह एक समग्र मंच है, जिसे हम हैंड्स ऑन लर्निंग के अवसर, अधोसंरचना, उद्योग से जुड़ाव प्रदान करके आगे बढ़ा रहे हैं. इंजीनियरिंग छात्रों को अत्याधुनिक तकनीक से अवगत कराएंगे."
- देश का पहला ई-व्हीकल ऑटो टेस्टिंग ट्रैक पीथमपुर में, स्वचालित वाहनों की टेस्टिंग शुरू
- GST काउंसिलिंग के बाद उद्योगपतियों को खुशखबरी! पीएम मित्र पार्क के लिए मिले 12508 करोड़
NATRAX के निदेशक डॉ. मनीष जायसवाल ने कहा "एक बार फिर यह आयोजन नेशनल ऑटो टेस्टिंग ट्रैक पीथमपुर में आयोजित हो रहा है. वह भी अब तक के सबसे बड़े स्तर पर 100 से अधिक टीमों के साथ. इसके अतिरिक्त हमने BAJA छात्रों के लिए दो नए कॉन्टेस्ट शुरू किए हैं. जिसमें सिमुलेशन एवं इंस्ट्रूमेंटेड टेस्टिंग के माध्यम से वर्चुअल वैलिडेशन और 3D प्रिंटिंग हैं."
"हमारा निरंतर प्रयास है कि इंजीनियरिंग छात्रों को अत्याधुनिक तकनीकी क्षेत्रों से अवगत कराया जाए, जिससे उनकी रोजगार क्षमता बढ़े और उद्योग को उच्च कौशलयुक्त प्रतिभाओं की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित हो सके."

