इंदौर में सड़क के गड्डों से बचाएगा जादूई डामर, बारिश में भी सड़क पर रहेगी गजब की पकड़
इंदौर में मानसून से पहले नगर निगम की बड़ी पहल, पहली बार वॉटर-बेस्ड कोल्ड मिक्स डामर तकनीक से पेचवर्क का हुआ ट्रायल.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : June 30, 2026 at 2:25 PM IST
इंदौर: सड़कों में भीषण गड्डों से परेशान इंदौर को जादूई डामर से राहत मिलने वाली है. अभी तक गीली सड़कों में डामर बिखरने से खतरनाक गड्डे हो जाते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा. इंदौर में सड़कों के गड्ढे भरने के लिए नया प्रयोग किया गया है, जो बारिश में भी कारगर साबित होगा. दरअसल, इंदौर की सड़कों के गड्डों को भरने कोल्डमिक्स डामर तकनीक का उपयोग किया जा रहा है. कीचड़ और पानी से भरी सड़कों के गड्डों को भरने की यह विधि निर्माण के लिहाज से गीली सड़क में भी कारगर है.
कोल्ड मिक्स डामर तकनीक का सहारा
इंदौर अपनी स्वच्छता के साथ अब जर्जर और खुदी हुई सड़कों के लिए भी चर्चा में है, फिलहाल बारिश में स्थिति यह है कि अधिकांश सड़कों पर गड्ढे हो चुके हैं. इस स्थिति के चलते शहर के प्रमुख मार्गों के गड्ढे भरने के लिए अब नगर निगम वॉटर-बेस्ड कोल्ड मिक्स डामर तकनीक का सहारा ले रहा है.
क्यों खास है कोल्ड मिक्स डामर?
महाराष्ट्र के नासिक की कंपनी द्वारा इस निर्माण तकनीक में बिटुमेन इमल्शन, वॉटर-बेस्ड कोल्ड मिक्स डामर, ऑक्सीडाइज्ड बिटुमेन, सॉइल स्टेबलाइज़र, एंटी-स्ट्रिपिंग एजेंट, बिटुमेन-बेस्ड एंटी-कोरोजन एवं वॉटरप्रूफिंग समाधान सहित उन्नत निर्माण रसायनों का उपयोग किया जा रहा है, जो 70रु/किलो की दर से बेचा जा रहा है.
आपातकालीन सड़क मरम्मत के लिए उपयोगी
इस खास निर्माण सामग्री में पॉलिमर, नैनो-सिलिका और अन्य विशेष एडिटिव्स सड़क की सतह के साथ मजबूत बॉन्डिंग, बेहतर लचीलापन देते हैं, जो नमी से पदार्थ की सुरक्षा और लंबे समय तक टिकाऊपन सुनिश्चित करते हैं. जिनका उपयोग मिश्रण के जरिए गड्डों को भरने में किया जा रहा है. यह तकनीक कम लागत, कम ऊर्जा खपत, न्यूनतम उपकरणों की आवश्यकता, पर्यावरण संरक्षण तथा आपातकालीन सड़क मरम्मत के लिए विशेष रूप से उपयोगी मानी जा रही है.

इसलिए पड़ी नई तकनीक की जरूरत
इंदौर नगर निगम में जनकार्य प्रभारी श्री राठौर ने बताया, "वर्षा के मौसम में हॉट मिक्स डामर से गड्ढों की मरम्मत प्रभावी नहीं हो पाती, क्योंकि इसके लिए सूखी सतह एवं गर्म मिश्रण की आवश्यकता होती है. इसके विपरीत, वॉटर-बेस्ड कोल्ड मिक्स डामर को सीधे गीले अथवा पानी से भरे गड्ढों में बिना हीटिंग एवं सतह सुखाए बिना उपयोग किया जा सकता है. इसका पानी से सक्रिय होने वाला विशेष बाइंडर नमी के संपर्क में आते ही तेजी से सख्त होकर मजबूत पकड़ बनाता है."
मरम्मत कार्य शीघ्र टिकाऊ
यह तकनीक बारिश, ठंड एवं अधिक नमी वाले मौसम में भी प्रभावी रूप से कार्य करती है. इसमें हॉट मिक्स प्लांट या भारी उपकरणों की आवश्यकता नहीं होती और साधारण हैंड टैम्पर या प्लेट कॉम्पैक्टर से ही कार्य किया जा सकता है. मरम्मत के बाद सड़क सामान्यत 1 से 3 घंटे के भीतर यातायात के लिए खोली जा सकती है, जिससे ट्रैफिक व्यवधान न्यूनतम रहता ह.
- पाताल से जमीन तक चलेगी इंदौर में मेट्रो ट्रेन, थाइलैंड से आ रही करिश्माई मशीनें खोदेंगी सुरंगे
- मध्य प्रदेश के इस शहर में प्रॉपर्टी टैक्स पर 10% की छूट, भीषण सूखे से बचने के लिए अनोखी मुहिम
इंदौर में सफल लाइव डेमो
वर्षा ऋतु के दौरान शहर की डामर सड़कों की मरम्मत, गड्ढों के भराव एवं पेचवर्क कार्य को अधिक प्रभावी और टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से विजय नगर चौराहे पर नवीन वॉटर-बेस्ड कोल्ड मिक्स डामर तकनीक का लाइव डेमो आयोजित किया गया. यह उपयोगी रहा. मटेरियल उपयोगी पाए जाने पर शहर की सड़कों के मरम्मत कार्यों में इसके उपयोग पर विचार किया जाएगा. डेमो निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, सहायक यंत्री अभिषेक सिंह, झोनल अधिकारी प्रकाश नागर, श्रीमती टीना सिसौदिया सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे.

