ETV Bharat / state

सूरज की ताकत से चलेगा इंदौर, ग्रीन एनर्जी से नर्मदा जल की सप्लाई, वाहन भी होंगे चार्ज

करोड़ों के बिजली बिल से इंदौर नगर निगम को मिलेगी राहत, मुख्यमंत्री करेंगे सोलर पावर प्लांट का लोकार्पण, ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन पर चार्ज होंगे वाहन.

GREEN ENERGY POWER WATER SUPPLY
ग्रीन एनर्जी से होगी इंदौर में नर्मदा जल की सप्लाई (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : April 29, 2026 at 5:01 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

इंदौर: स्वच्छ शहर इंदौर में अब सौर ऊर्जा से तैयार बिजली से शहर में पानी की सप्लाई होगी. इतना ही नहीं शहर के तमाम ई व्हीकल चार्जिंग स्टेशन भी सौर ऊर्जा से वाहनों की चार्जिंग कर पाएंगे. इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जलूद में 60 मेगावाट के सोलर पावर प्लांट का लोकार्पण करने जा रहे हैं.

नगर निगम को भरना पड़ता था करोड़ों का बिल
प्रदेश के नगर निगम, नगर पालिकाओं में जरूरत के मुताबिक राजस्व की वसूली नहीं होने के कारण बिजली बिल भरने को लेकर आर्थिक संकट की स्थिति रहती है कमोवेश इंदौर में भी ऐसी ही स्थिति थी. महेश्वर के जलूद से इंदौर तक पंपिंग स्टेशन के जरिए पानी भेजने में हर महीने करीब 3 से 4 करोड़ रुपए का बिजली बिल नगर निगम को भरना होता था.

इस बीच इंदौर नगर निगम ने पहली बार इस परियोजना के लिए लगभग ₹42 करोड़ रुपए की वायबिलटी गैप फंडिंग तथा ₹244 करोड़ रुपए पब्लिक ग्रीन बॉण्ड के माध्यम से प्राप्त किए थे. इसके बाद भारत सरकार की CPSU Phase-II (Tranche-II) योजना के अंतर्गत लगभग 271 करोड़ रुपए की लागत से महेश्वर के ग्राम समराज व आशुखेड़ी में स्थित 210.84 एकड़ भूमि में यह सोलर प्लांट लगाया गया है.

MOHAN YADAV INAUGURATE SOLAR PLANT
ई-व्हीकल चार्जिंग स्स्टेशन को मिलेगी ऊर्जा (ETV Bharat)

ऐसे होगा ग्रीन एनर्जी का उपयोग
इस प्लांट से बनने वाली बिजली का उपयोग जलूद पंपिंग स्टेशन से इंदौर शहर में पानी की सप्लाई के अलावा शहर में मौजूद नगर निगम के तमाम ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशनों के संचालन में किया जाएगा. इंदौर नगर निगम के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया, ''संयंत्र से हर साल लगभग 9.73 करोड़ यूनिट बिजली का उत्पादन होगा. इसके अलावा सोलर प्लांट के इंस्टॉलेशन के साथ ही मार्च माह में ही 66 लाख यूनिट उत्पादन से इंदौर नगर निगम को लगभग ₹3.6 करोड़ रुपए की बचत हुई है. परियोजना से मासिक बचत ₹3 से 4 करोड़ रुपए अनुमानित की गई है. यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता लाने के साथ पर्यावरण संरक्षण व कार्बन उत्सर्जन में कमी की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगी.''

मुख्यमंत्री आज करेंगे लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 29 अप्रैल को खरगोन जिले के प्रवास के दौरान मंडलेश्वर अनुभाग के जलूद में 60 मेगावाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण करेंगे. यह परियोजना न केवल इंदौर को कार्बन न्यूट्रल शहर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी.