इंदौर MGM अस्पताल की नर्स का कारनामा, काट दिया डेढ़ माह के बच्चे का अंगूठा
मध्य प्रदेश में इंदौर के एमजीएम अस्पताल में हैरान करने वाला मामला, नर्स ने लापरवाही में काट दिया डेढ़ माह के बच्चे का अंगूठा.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 8, 2026 at 3:13 PM IST
इंदौर: देशभर में मध्य प्रदेश का इंदौर चर्चाओं में बना हुआ है. शहर के भागीरथपुरा में जहां दूषित पानी से कई लोगों की मौत हुई. प्रशासन ने 18 की मौत के बाद परिजनों को मुआवजा दिया. वहीं अब इसी शहर से एक और बहुत ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जिसे सुनते ही आपका मन विचलित हो सकता है. इंदौर के एमजीएम (महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज) हॉस्पिटल के चेस्ट वार्ड में एक डेढ़ माह के बच्चे का अंगूठा काट दिया गया.
नर्स ने लापरवाही से काट दिया बच्चे का अंगूठा
पूरा घटनाक्रम बुधवार सुबह इंदौर के महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज की है. जहां 24 दिसंबर को बेटमा की रहने वाली महिला अंजू तबीयत खराब होने पर अपने डेढ़ माह के बच्चे को लेकर एमजीएम अस्पताल पहुंची. जहां निमोनिया होने पर बच्चे को चेस्ट वार्ड में एडमिट किया गया था. बच्चे की मां अंजू के मुताबिक "रात से बच्चे के हाथ में कुछ सूजन थी, दूसरे दिन सुबह कई बार नर्सों को बुलाया गया, लेकिन वे नहीं आई. इसके बाद जब एक नर्स आई, तो इंट्राकेथ बदलने के दौरान बच्चे के हाथ में लगी सुई पर लगे टेप को हटाने के लिए कैंची चलाई तो उसका अंगूठा ही काट दिया.

सर्जरी के बाद जोड़ा गया बच्चे का अंगूठा
जब यह घटनाक्रम बच्चे की मां ने देखा तो जमकर हंगामा मचाया. इसके बाद इस मामले की जानकारी विशेषज्ञ डॉक्टर को दी गई. बच्चे को तुरंत सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में रेफर किया गया. जहां बच्चे की सर्जरी कर वापस से अंगूठे को जोड़ा गया. बताया जा रहा है कि अभी बच्चे की हालत स्थिर बनी हुई है. वहीं चाचा नेहरू हॉस्पिटल के अधीक्षक अरविंद शुक्ला का कहना है कि "मामला सामने आने के बाद बच्चे को सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में रेफर किया गया है.
- इंदौर में मौत के आंकड़ों पर घिरी सरकार, जब 18 मौतें नहीं हुईं तो चेक किसे बांटे? लिस्ट पर कलेक्टर का जवाब
- इंदौर में वाटर ऑडिट करने निकले उमंग सिंघार, दावा-हर जगह भागीरथपुरा जैसा जहर
घटना को देखते हुए एमजीएम डीन अरविंद घघोरिया सहित एमवाय अधीक्षक अशोक यादव द्वारा मीटिंग की गई और जिस नर्स ने यह लापरवाही की, उसके खिलाफ जांच बैठा दी गई है. आने वाले दिनों में नर्स के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी."

