ETV Bharat / state

इंदौर के सरकारी अस्पताल में मोटापे का फ्री इलाज, आयुष्मान योजना से बचेंगे 4 से 5 लाख

राज्य शासन ने मोटापे को बीमारी मानते हुए आयुष्मान योजना में किया है शामिल. इंदौर के एमवाय अस्पताल में अब निशुल्क ऑपरेशन की शुरुआत.

OBESITY TREATMENT AYUSHMAN YOJANA
इंदौर के सरकारी अस्पताल में मोटापे का फ्री इलाज (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 24, 2026 at 2:52 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

इंदौर: मध्य प्रदेश में मोटापे से जूझ रहे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार के लोग अब आयुष्मान कार्ड से इसका इलाज करा सकेंगे. हाल ही में राज्य शासन ने मोटापे को बीमारी मानते हुए इसे आयुष्मान योजना में शामिल किया है, लिहाजा इंदौर के महाराजा यशवंतराव अस्पताल में मोटापे का फ्री इलाज हो सकेगा.

बेरिएट्रिक सर्जरी पर 4 से 5 लाख का खर्च

वर्तमान में मोटापे के नियंत्रण के लिए कॉरपोरेट और निजी अस्पतालों में जो बेरिएट्रिक सर्जरी होती है, उस पर 4 से 5 लाख रुपए का खर्च आता है. पहली बार प्रदेश के किसी शासकीय अस्पताल में बेरिएट्रिक क्लीनिक शुरू की गई है. जिसका लाभ गरीब और मध्यमवर्गीय लोग भी ले सकें. इसलिए मोटापे को बीमारी स्वीकारते हुए राज्य शासन ने इसे आयुष्मान योजना में शामिल किया है. इस योजना के अंतर्गत बेरिएट्रिक सर्जरी करने पर आयुष्मान की कुल राशि के अतिरिक्त राशि ही अस्पताल में जमा करनी होगी अन्यथा इलाज पूरी तरह निशुल्क रहेगा.

बेरिएट्रिक और मेटाबॉलिक क्लीनिक की शुरुआत (ETV Bharat)

तेजी से बढ़ रही मोटापे की समस्या

देशभर में मोटापे की समस्या तेजी से बढ़ रही है. सही खान-पान का अभाव और बदलती जीवनशैली के कारण मोटापे की समस्या तेजी से बढ़ती जा रही है. फिलहाल मोटापे से हर तीसरा-चौथा व्यक्ति ग्रस्त है. पहले यह समस्या केवल शहरों तक ही सीमित थी, लेकिन अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी बढ़ती जा रही है. मोटापा एक ऐसा रोग है जो अपने साथ कई बीमारियों को लेकर आता है. मधुमेह, उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियां मोटापे से ही पनपती है.

MAHARAJA YASHWANTRAO HOSPITAL
आयुष्मान योजना से बचेंगे 4 से 5 लाख (ETV Bharat)

इस बीमारी का उपचार भी सामान्यत: महंगा है. अब जबकि इंदौर में इसके निशुल्क ऑपरेशन की शुरुआत हुई है तो जरूरतमंद मरीजों का महाराजा यशवंत राव अस्पताल के सर्जरी विभाग में मोटापे की समस्या का बेहतर उपचार हो सकेगा. यह संदेश प्रदेश और देश में भी फैलेगा.

बेरिएट्रिक और मेटाबॉलिक क्लीनिक की शुरुआत

इंदौर में बेरिएट्रिक और मेटाबॉलिक क्लीनिक की शुरुआत के अवसर पर मोटापे से ग्रस्त रही महिला श्रीमती सुषमा भिलवारे ने बताया "10 साल पहले उनका वजन 103 किलोग्राम था. एमवाय अस्पताल में संपर्क करने के बाद मेरा उपचार प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के तहत हुआ. आज मेरा वजन मात्र 70 किलोग्राम है और मुझे कई बीमारियों से भी मुक्ति मिल गई.

इसी प्रकार इंदौर के खजराना क्षेत्र निवासी महिला ने बताया वह पिछले कई वर्षों से मोटापा, बीपी, हाईपरटेंशन, थायराइड, जोड़ो के दर्द आदि बीमारियों से ग्रस्त थी. क्योंकि वजन 120 किलोग्राम था. पिछले दिनों एमवाय के सर्जरी विभाग में चिकित्सकों को दिखाया. परामर्श के बाद डॉ. घनघोरिया और उनकी टीम ने ऑपरेशन किया. अब मेरा वजन 97 किलोग्राम है और मुझे बड़ी राहत है.