इजराइल-अमेरिका और ईरान संघर्ष, दुबई में बमबारी के बाद पूर्व विधायक समेत कई व्यापारी फंसे
इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य संघर्ष के बीच इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला समेत कई उद्योगपति दुबई में फंसे.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 1, 2026 at 9:54 PM IST
इंदौर: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण कई उड़ानें रद्द हो गई हैं, जिसके चलते मध्य प्रदेश सहित इंदौर के कई उद्योगपति दुबई में फंस गए हैं. एयरपोर्ट बंद होने और उड़ानें निरस्त होने के कारण उनकी वापसी तत्काल टल गई है. हालांकि लोगों ने अपने परिजन से बातचीत में खुद को सुरक्षित बताया है.
व्यापारी और कई नेता दुबई में फंसे
इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच भीषण युद्ध चल रहा है. इस दौरान ईरान ने दुबई में मौजूद कई अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए हमला किया. जिसके कारण दुबई से इंदौर आने वाली फ्लाइट अचानक निरस्त हो गई. शनिवार को जब कई नेता और उद्योगपति दुबई एयरपोर्ट पहुंचे तो उन्हें उड़ान रद्द होने की जानकारी मिली.
बिजनेस मीटिंग में शामिल होने पहुंचे थे दुबई
मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के चलते दुबई आने-जाने वाली कई उड़ानें रद कर दी गई हैं. इसके कारण इंदौर के कई व्यापारी और वरिष्ठ नेता दुबई में फंस गए हैं. इसमें बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक संजय शुक्ला, पूर्व विधायक विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, उद्योगपति मनीष शाहरा सहित कई लोगों के नाम बताए जा रहे हैं.
वीडियो जारी कर दी जानकारी
बताया जा रहा है कि अधिकांश लोग दुबई में बिजनेस मीटिंग और वैवाहिक समारोह में शामिल होने पहुंचे थे. इसी बीच क्षेत्रीय तनाव के चलते एयरपोर्ट संचालन प्रभावित हुआ और कई उड़ानें निरस्त कर दी गईं. पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने वीडियो कॉल पर बातचीत में परिजन को बताया, "सभी लोग सुरक्षित हैं. हम जिस स्थान पर ठहरे हैं, वहां हालात सामान्य हैं. वापसी की योजना शारजाह से है, लेकिन उड़ानों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही अगला निर्णय लिया जाएगा."

सभी को सुरक्षित भारत लाने की गुहार
दुबई में फंसे लोग फिलहाल उड़ानें बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं. वहीं इंदौर में भी परिजन अपने लोगों की सुरक्षित वापसी की राह देख रहे हैं. इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला के बेटे सागर शुक्ला ने मीडिया से बातचीत में कहा, "मेरी पिता से बातचीत हुई है. वहां का मंजर दिलदहला देने वाला है. मेरी भारत सरकार से गुहार है कि मेरे पिता और उनके साथ गए बाकी लोगों को सुरक्षित भारत लाया जाए."
- खामेनेई की मौत पर भोपाल में मातम, शिया समुदाय ने अमेरिका-इजराइल के खिलाफ लगाए नारे
- जंग का मैदान बना इंदौर का राजवाड़ा, बीजेपी व कांग्रेस के बीच भारी पथराव, 6 लोग घायल
इधर पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने एक वीडियो संदेश जारी कर गृहमंत्री अमित शाह से एयरलिफ्ट करने की गुहार लगाई है. वहीं कई अन्य भारतीयों ने एकजुट होकर सुरक्षित स्थान पर रखने का दावा किया है.

