इंदौर में सनसनी: पत्नी की हत्या के बाद पति ने की आत्महत्या, कमरे में मिले दोनों के शव
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची थी पुलिस, कमरे से बरामद हुआ सुसाइड नोट, पत्नी पर शक करता था पति, मामले की जांच में जुटी इंदौर पुलिस.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 24, 2026 at 5:11 PM IST
इंदौर: हीरा नगर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते पति ने अपनी पत्नी की गला घोट कर हत्या कर दी. उसके बाद खुद ने भी आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि, पत्नी किसी दूसरे व्यक्ति से बात करती थी. उसी बात से आहत होकर पति ने यह कदम उठाया है. इस बात का जिक्र पति ने सुसाइड नोट में भी किया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बेटी को छोड़ा परिजन के पास, भतीजे को किया मैसेज
पूरा मामला इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र के मेघदूत नगर का है. यहां पर रहने वाले हल्केवीर पटेल ने अपनी पत्नी रोशनी की हत्या करने के बाद खुद आत्महत्या कर ली. प्रारंभिक जांच पड़ताल में इस बात की पुष्टि हुई कि मृतक हल्केवीर ने अपनी बेटी को परिजन के घर पर छोड़ दिया था. साथ ही अपने भतीजे को व्हाट्सएप पर मैसेज कर दिया था कि सुबह थाने पहुंचे कर दरवाजा तोड़कर शव ले जाना. भतीजे ने जैसे ही रविवार सुबह यह मैसेज पढ़ा वह तुरंत थाने पहुंचा.
युवक से बात करती थी पत्नी, समझाइश का नहीं हुआ असर
इसके बाद भतीजा पुलिस को साथ लेकर मृतक के घर पर पहुंचा. जहां दरवाजा अंदर से बंद था. जब पुलिस दरवाजे तोड़कर अंदर घुसी तो देखा कि दोनों के शव बेडरूम में पड़े हुए हैं. प्रारंभिक जांच पड़ताल में यह बात सामने आ रही है कि मृतका रोशनी पिछले 6 महीने से सतीश साहू नामक व्यक्ति से बातचीत कर रही थी. जिसको लेकर पति हल्के वीर ने कई बार आपत्ति भी ली और पत्नी रोशनी को समझाइश देते हुए सतीश को भी पत्नी से दूर रहने की बात कही. लेकिन सतीश ने इनकार कर दिया और उसी के बाद हल्केवीर घटनाक्रम को अंजाम दे दिया.
- भोपाल पुलिस कमिश्नर का दावा, ट्विशा शर्मा की मौत मर्डर नहीं आत्महत्या है, ड्रग्स वाली बात झूठी
- होटल के रूम नंबर 110 से उठी बदबू, बगल की प्लाई काटकर पहुंची पुलिस, अंदर था डरावना मंजर
- भोपाल सेंट्रल जेल में कैदी ने की आत्महत्या, काट रहा था उम्र कैद की सजा, नहीं मिलने आते थे परिजन
मामले की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस ने दोनों शव को जप्त कर पोस्टमार्टम के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल पहुंचाया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह का कहना है कि, "प्रारंभिक तौर पर आपसी विवाद के बाद पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर खुद ने भी आत्महत्या की है. फिलहाल दोनों के मोबाइल फोन को जप्त कर परिजनों के बयानों के आधार पर जांच पड़ताल शुरू कर दी है. जिस व्यक्ति सतीश साहू का नाम सामने आ रहा है उसके बयान भी लिए जा रहे हैं.''

