इंदौर राज परिवार ने निभाई 300 सालों की परंपरा, कुल देवता पूजने के बाद होली शुरु
इंदौर में होलकर राज परिवार जलाता है शहर की पहली होली, अहिल्याबाई को रंग गुलाल अर्पित करके होती है होली की शुरुआत.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 3, 2026 at 11:33 AM IST
|Updated : March 3, 2026 at 12:10 PM IST
रिपोर्ट : सिद्धार्थ माछीवाल
इंदौर : होलिका दहन को लेकर अलग-अलग मान्यताओं के बीच इंदौर में होली की शुरुआत राजसी अंदाज में होती है. इंदौर में आज भी होलकर राज परिवार द्वारा होली दहन से शहर में होली की शुरुआत होती है. 300 साल से चली आ रही इस खास परंपरा में देवी अहिल्याबाई होल्कर को रंग गुलाल अर्पित करके हिंदुओं के इस महापर्व को शुरू किया जाता है.
कुल देवता की पूजा के बाद होता है होली दहन
होलकर राजपरिवार के शासन के दौर से इंदौर में होली का त्यौहार सामूहिक रूप से मनाए जाने की परंपरा रही है. इस दौरान यहां राज परिवार की मौजूदगी में शहर के सारे लोग पुराने दौर की तरह ही राजबाड़ा परिसर के बाहर एकत्र होते हैं, जहां होलकर राज परिवार द्वारा अपने कुल देवता मल्हार मार्तंड महाराज की पूजा अर्चना के बाद होली का दहन किया जाता है.
अहिल्याबाई खुद करती थीं ये पूजन
अहिल्याबाई होलकर के जमाने में यह पूजन वह खुद करती थीं, वे सबसे पहले कुल देवता का पूजन करती थीं और इसके बाद विधिवत मुहूर्त के साथ होलिका दहन किया जाता था. इसके बाद उनके वंशजों द्वारा आज भी होलिका दहन और होली के उत्सव की परंपरा को निभाया जा रहा है. वर्षों से यहां पूजन के बाद रानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को रंग गुलाल और इत्र अर्पित किया जाता है और उन्हें इस महापर्व में सहभागी बनाया जाता है. इसके बाद होलिका दहन किया जाता है.

दूर-दूर से राजवाड़ा पहुंचे लोग
सोमवार रात एक बार फिर इंदौर के ऐतिहासिक राजवाड़ा पैलेस परिसर में पारंपरिक शानो–शौकत के साथ होलकर राजवंश द्वारा होलिका दहन का आयोजन किया गया. शाम ढलते ही राजवाड़ा के विशाल आंगन में पारंपरिक विधि-विधान के बीच होलिका दहन किया गया, वहीं शहरभर से उमड़ी भीड़ ने कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की. मंत्रोच्चार और पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच होलिका दहन देखने लायक रहा. स्थानीय प्रशासन व आयोजकों की ओर से सुरक्षा व व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. राजवाड़ा में होने वाला यह आयोजन इंदौर की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है, यही वजह रही कि इस आयोजन में सांसद शंकर लालवानी भी शामिल हुए.
यह भी पढे़ं-
- कहीं भूतनी, कहीं रानी तो कहीं 21 फीट की राक्षसी, नहीं देखी होंगी ऐसी होलिकाएं
- झंग बिरादरी की 120 साल पुरानी अनोखी परंपरा, होली पर होती है रामलीला, पाकिस्तान से है कनेक्शन
ऑस्ट्रेलियन कपल भी पूजा में हुआ शामिल
इंदौर की होली की परंपरा को सोशल मीडिया पर देखने के बाद ऑस्ट्रेलिया से आया एक प्रेमी जोड़ा विशेष रूप से इंदौर पहुंचा और सांसद शंकर लालवानी के साथ राजवाड़ा पैलेस में आयोजित होलिका दहन में शामिल हुआ. विदेश से आए इस कपल ने राजवाड़ा की परंपरा और माहौल को देखकर इसे जीवन का अविस्मरणीय अनुभव बताया.

