जंग का मैदान बना इंदौर का राजवाड़ा, बीजेपी व कांग्रेस के बीच भारी पथराव, 6 लोग घायल
इंदौर में बीजेपी व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पत्थरों की बारिश. कई लोगों को चोटें आईं. भारी पुलिस फोर्स के सामने भी हिंसक संघर्ष.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 21, 2026 at 4:24 PM IST
इंदौर : एआई इंपैक्ट समिट के दौरान देश की छवि बदनाम होने का आरोप लगाकर जहां कांग्रेस लगातार बीजेपी पर हमलावर है तो वहीं बीजेपी भी राहुल गांधी समेत कांग्रेस को दोषी ठहरा रही है. इस बीच इंदौर में जिला कांग्रेस कार्यालय पर विरोध करने भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता पहुंचे. इस दौरान युवा मोर्चा और कांग्रेस नेताओं के बीच संघर्ष हो गया. दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ. इसमें 6 लोग घायल हो गए.
भारी पुलिस की मौजूदगी में भी पथराव
दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता इंदौर कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने गांधी भवन पहुंचे. हालांकि पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया. इस दौरान भारी हंगामा में और अफरा-तफरी के बीच पुलिस ने दोनों पक्षों को संभालने की कोशिश की. इसके बाद भी दोनों ओर से जमकर पथराव होने लगा.
पुलिस ने वाटर कैनन से हालात संभाले
संघर्ष के दौरान भाजपाइयों और कांग्रेसियों के बीच जमकर पानी की बोतलें, टमाटर, पत्थर चले. इससे कई लोग घायल हो गए. हालात बिगड़ने पर पुलिस को भीड़ काबू करने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा. इसके बाद भी दोनों ओर पथराव रुकने का नाम नहीं ले रहा था. वहीं, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तत्काल दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए.
दोनों ओर से पथराव, टमाटर भी फेंके
भारतीय जनता युवा मोर्चा घेराव व प्रदर्शन को देखते हुए राजवाड़ा स्थित कांग्रेस कार्यालय पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. यहां पर पुलिस बल के साथ ही वाटर कैनन आदि तैनात की गई. युवा मोर्चा के अध्यक्ष सौगात मिश्रा ने कहा "कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घेराव के विरोध में पथराव किया." वहीं कांग्रेस नेता चिंटू चौकसे ने कहा "भाजपाई गुंडे हमला करने के लिहाज से पत्थर, टमाटर और पानी की बोतलें लेकर पहुंचे थे, जिन्होंने प्लानिंग के तहत विरोध प्रदर्शन के दौरान पथराव शुरू कर दिया."
मीडियाकर्मी सहित पुलिस वाले घायल
कांग्रेस का कहना है "भागीरथपुरा कांड के बाद से यह तीसरी घटना है, जब भाजपा के लोग कांग्रेस कार्यालय पर इस तरह विरोध प्रदर्शन करते हुए गुंडागर्दी कर चुके हैं. इस दौरान कांग्रेस के कई कार्यकर्ता और पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं." पथराव में शकील सिकंदर नामक एक मीडियाकर्मी भी घायल हो गया. वहीं कुछ अन्य लोगों को भी पत्थर लगे हैं, हालांकि अब मौके पर स्थिति सामान्य है. पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.

बेरीकेडिंग हटा कांग्रेस कार्यालय में घुसने की कोशिश
भागीरथपुरा मामले में कैलाश विजयवर्गीय के पुतले जलने से युवा मोर्चा के कार्यकर्ता नाराज हैं. ऐसे में युवा मोर्चा ने भारत मंडपम एआई समिट मामले को लेकर राहुल गांधी द्वारा भारत की छवि विदेश में धूमिल करने के आरोप लगाकर घेराव और विरोध प्रदर्शन की घोषणा की थी. जिला कांग्रेस कार्यालय पर घेराव करने बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता पहुंचे.
पुलिस ने पहले से ही बैरिकेडिंग कर रखी थी लेकिन युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बेरीकेडिंग हटाकर कांग्रेस कार्यालय में घुसने की कोशिश की. इसके बाद पथराव हो गया, इसमें 6 लोग घायल हो गए. भाजपा महिला कार्यकर्ता को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.
- छतरपुर में पुलिस पर पथराव के बाद 40 से अधिक पर FIR, केन बेतवा प्रोजेक्ट के विस्थापितों का हंगामा
- नीमच में दो पक्ष भिड़े, लाठी-डंडों के बीच पथराव, किसी का सिर फटा तो किसी के हाथ-पैर टूटे
वीडियो फुटेज के आधार पर कार्रवाई करेगी पुलिस
कांग्रेस नेता अमन बजाज और नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे का कहना है "यह तीसरा मौका है जब भाजपा द्वारा कांग्रेस कार्यालय पर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया है, जिसका कांग्रेस को भी देना पड़ रहा है. जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े समेत अन्य लोग भी पथराव में घायल हए हैं. इस मामले में पंढरीनाथ थाने में शिकायत की जा रही है." डीसीपी कृष्ण लाल चंदानी का कहना है "पथराव के वीडियो देखे जा रहे हैं. घायलों की शिकायत के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी."

