दिव्यांग ने पैरों से बनाई अमिताभ बच्चन की पेंटिंग, देखते ही इमोशनल हुए बिग बी
इंदौर के दिव्यांग ने अमिताभ बच्चन को पैरों से बनाई पेंटिंग भेंट की, बिग बी ने अपने घर में पेंटिंग रखने की बात कही.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : October 26, 2025 at 2:25 PM IST
इंदौर: आनंद मूक बधिर सोसाइटी में रहने वाले गुरदीप और गोकरण ने अमिताभ बच्चन से मुलाकात की. इस दौरान गोकरण ने अपने पैरों से बनाई अमिताभ बच्चन की पेंटिंग उन्हें भेंट की. वहीं, गुरदीप जो बोलने, सुनने और देखने में सक्षम नहीं है. काफी लंबे समय से अमिताभ बच्चन से मिलना चाहती थी. जब मुलाकात के दौरान अमिताभ बच्चन ने गुरदीप के सिर पर हाथ रखा तो गुरदीप उनके स्पर्श को पहचान गई. अमिताभ बच्चन भी दोनों दिव्यांगों से मिलकर काफी भावुक नजर आए और मूक बधिर सोसाइटी को आर्थिक मदद भी की.
गोकरण की बनाई गई पेंटिंग की तारीफ की
आनंद मूक बधिर सोसाइटी के ज्ञानेंध्र पुरोहित ने बताया कि "साल 2020 से गुरदीप और गोकरण दोनों अमिताभ बच्चन से मिलने की कोशिश कर रहे थे. जिसके बाद हाल ही में अमिताभ बच्चन के प्रोडक्शन यूनिट ने उन्हें 9 अक्टूबर 2025 को मुंबई बुलाया और मुलाकात कराई. इस दौरान जब गोकरण ने अपने पैरों से बनाई गई अमिताभ बच्चन की पेंटिंग उन्हें गिफ्ट की तो वे भावुक हो गए. उन्होंने कहा, पैरों से भी इतनी अच्छी पेंटिंग बनाई जा सकती है." उन्होंने गोकरण की बनाई गई पेंटिंग की जमकर तारीफ की और उसे अपने जलसा स्थित घर में रखने की बात कही.

टेक्सटाइल साइन स्पर्श लैंग्वेज से की पढ़ाई
आनंद मूक बधिर सोसाइटी के मोनिका पुरोहित ने बताया कि "गुरदीप कौर वासु की उम्र 34 साल है. वह पूरी तरह से मूकबधिर और दृष्टिहीन है. पहले गुरदीप का परिवार मुंबई में रहता था, जहां उन्होंने 7वीं तक पढ़ाई की. जिसके बाद वह इंदौर आईं और यहां आनंद मुकबधिर सोसाइटी में 8वीं में प्रवेश लिया. जिसके बाद टेक्सटाइल साइन स्पर्श लैंग्वेज का भारतीय संस्करण तैयार कर गुरदीप को प्रशिक्षण दिया गया."

दिव्यांगों से मिलकर भावुक हुए अमिताभ बच्चन
गुरदीप को प्रशिक्षण देने में उसकी मां मनजीत कौर, बहन हर्षित कौर और आनंद मूक बधिर सोसाइटी की मोनिका पुरोहित की अहम भूमिका रही है. अमिताभ बच्चन और रानी मुखर्जी ने इस तरह के मूकबधिर पर आधारित फिल्म 'ब्लैक' में काम किया है. जिसमें उन्होंने टेक्सटाइल लैंग्वेज को समझा और अभिनय किया. गुरदीप से मिलकर अमिताभ बच्चन भी भावुक हो गए.
- दिव्यांग बच्चों ने बनाई दीपोत्सव की सामग्री, खरीदने के लिए लाइन लगा रहे लोग
- हुनरमंद हैं ये दिव्यांग बच्चे, इनके बनाए रंग-बिरेंगे दीपों से जगमग होगी उज्जैन की दीवाली
साइन लैंग्वेज में घंटो हुई बातें
फिल्म जगत के बिग बी कहे जाने वाले अमिताभ बच्चन ने दोनों दिव्यांगों से मुलाकात के दौरान करीब 3 घंटे तक बातें की. कई विषयों को लेकर बातचीत की. वहीं, दोनों दिव्यांगों ने साइन लैंग्वेज के माध्यम से अमिताभ बच्चन को जवाब दिया.

