इंदौर में दूषित पानी पर कांग्रेस ने घेरा थाना, जिम्मेदारों के खिलाफ FIR नहीं की तो आंदोलन
इंदौर में दूषित पानी से 7 लोगों की मौतों के बाद हड़कंप. कांग्रेस ने महापौर, नगर निगम आयुक्त के खिलाफ केस दर्ज की मांगी की.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : December 31, 2025 at 7:01 PM IST
इंदौर : शहर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने और 7 लोगों की मौत के खिलाफ कांग्रेस सड़कों पर उतर आई. इंदौर शहर कांग्रेस ने बाणगंगा पुलिस थाने का घेराव किया. कांग्रेस ने पुलिस से जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. साथ ही चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे इंदौर शहर में प्रदर्शन किया जाएगा.
इंदौर के बाणगंगा थाने पर जुटे कांग्रेसी
भागीरथपुरा में गंदा पानी पीने के कारण 200 से अधिक लोग बीमार और 7 लोगों की मौत से पूरा शहर दुखी है. इस मामले को लेकर कांग्रेस ने बाणगंगा पुलिस थाने का घेराव किया. इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर पुलिस को ज्ञापन सौंपा. कांग्रेस शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने मांग की "जिन लोगों के कारण ये घटना हुई, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए."
गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज करें
कांग्रेस ने मांग की है "इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, नगर निगम आयुक्त दिलीप यादव, नगर निगम के जल समिति के प्रभारी बबलू शर्मा, नगर निगम अपर आयुक्त रोहित, पेयजल व्यवस्था के प्रभारी इंजीनियर संजीव श्रीवास्तव और क्षेत्र के पार्षद कमल बघेला के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया जाए."
कांग्रेस के शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा "यदि इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी तो पूरे शहर के थानों पर कांग्रेस के द्वारा उग्र प्रदर्शन किया जाएगा." इस मामले में एडिशनल डीसीपी राम स्नेही मिश्रा का कहना "कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपा है. वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर कार्रवाई की जाएगी."
- इंदौर महापौर ने कंफर्म की 7 लोगों की मौत, पेयजल लाइन में मिला ड्रेनेज का पानी
- इंदौर दूषित पानी मामले में 3 अधिकारियों पर गिरी गाज, जीतू पटवारी ने की FIR की मांग
इंदौर महापौर ने 7 मौतों की पुष्टि की
क्लीन सिटी इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में गंदा पानी पीने के कारण तकरीबन 120 से अधिक लोग बीमार हो गए. जबकि 7 लोगों की मौत हो गई है. इस बात की पुष्टि महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने की है. महापौर पुष्यमित्र भार्गव के मुताबिक, ''भागीरथपुरा क्षेत्र के लोगों की पानी के इंफेक्शन के चलते 3 लोगों की मौत हुई है. लेकिन मेरी जानकारी के हिसाब से 4 लोग और थे जो तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल पहुंचे थे. उन चारों की भी मौत हो गई है. प्रथम दृष्टया पानी की लाइन में ड्रेनेज मिलने से लोगों की मौत हुई है.''

