इंदौर के अस्पताल में नवजात का अंगूठा काटने वाली नर्स सस्पेंड, बच्चे की हालत स्थिर
इंदौर के सरकारी अस्पताल में नवजात का अंगूठा कटने के मामले में कार्रवाई. नवजात डॉक्टर्स की विशेष निगरानी में.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 10, 2026 at 7:25 PM IST
|Updated : January 10, 2026 at 7:33 PM IST
इंदौर : एमवाय अस्पताल के चेस्ट वार्ड में इलाज के दौरान नवजात बच्चे का अंगूठा काटने के मामले में नर्स के खिलाफ कार्रवाई की गई है. दोषी नर्स को सस्पेंड किया गया है. इसके साथ ही 3 और नर्सों की सैलरी रोकी गई है. स्वास्थ्य मंत्री ने नवजात का समुचित इलाज करने के निर्देश दिए हैं.
इलाज के दौरान नर्स ने काट दिया अंगूठा
इंदौर के एमवाय हॉस्पिटल के चाचा नेहरू में बेटमा की रहने वाली महिला ने बच्चे को जन्म दिया था, लेकिन जन्म के 15 दिन बाद ही उसे निमोनिया की शिकायत हो गई. इसके चलते उसे इंदौर के एमवाय हॉस्पिटल के चेस्ट वार्ड में भर्ती किया गया. हाथों में नर्स द्वारा ड्रिप के लिए सुई लगाई गई. इसी दौरान जब सुई को नर्स द्वारा पट्टी हटाकर निकाला जा रहा था तो इस दौरान ड्यूटी नर्स आरती की लापरवाही से नवजात का अंगूठा काट दिया गया.
कार्रवाई के साथ ही विभागीय जांच जारी
नवजात का अंगूठा कटने के बाद हंगामा होने लगा. एमवाय प्रबंधक ने इस मामले में जांच की और जांच करने के बाद एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन अरविंद धनधोरिया को रिपोर्ट पेश की. इसके बाद डीन ने संबंधित नर्स को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. इस मामले में 3 और नर्सों की एक महीने की सैलरी रोक दी गई. मामले की विभागीय जांच भी हो रही है. रेजीडेंट डॉक्टर को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है.
स्वास्थ्य मंत्री ने मेडिकल स्टाफ को दी नसीहत
घटना के बाद तत्काल बच्चे को सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में रेफर किया गया, जहां पर उसके अंगूठे को जोड़ा गया. फिलहाल नवजात की स्थिति अब सामान्य है. नवजात के स्वास्थ्य की जानकारी स्वास्थ्य मंत्री व डिप्टी सीएम ने मामले की जानकारी ली. डिप्टी सीएम ने कहा कि नवजात शिशु के साथ हुई घटना अत्यंत संवेदनशील है. अधीनस्थ अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.
- इंदौर MGM अस्पताल की नर्स का कारनामा, काट दिया डेढ़ माह के बच्चे का अंगूठा
- इंदौर में चूहों का आतंक, खोद दिए 1000 बिल, हिला दी ब्रिज की नींव, 1251 लोग शिकार
डॉक्टर्स की टीम नवजात की निगरानी में
नवजात को वेंटिलेटर पर रखा था लेकिन अब उसकी हालत सामान्य है, जिसके चलते उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर स्थिर कर दिया गया है. उम्मीद है नवजात जल्द ही स्वस्थ हो जाएगा. फिलहाल विशेष चिकित्सको नवजात की निगरानी रखी जा रही है.

