इंदौर सेंट्रल जेल में बरसाना थीम पर होली, जेल डीजी वरुण कपूर हुए शामिल, कैदियों ने जमकर खेले रंग
कैदियों के सुधार व मानसिक स्वास्थ्य के लिए होते हैं सांस्कृतिक आयोजन, सेंट्रल जेल के 700 से ज्यादा कैदियों ने खेली होली

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 4, 2026 at 2:24 PM IST
इंदौर : सेंट्रल जेल इंदौर में कैदियों के लिए होली का विशेष आयोजन किया गया. इस होली उत्सव में जेल डीजी वरुण कपूर शामिल हुए. इस दौरान जेल डीजी ने प्रेशर कैन से कैदियों पर रंग बरसाया, जिसे देख कैदी जमकर थिरके. सेंट्रल जेल में कैदियों के मानसिक स्वास्थ्य और उनमें सुधार के लिए त्यौहारों पर तरह-तरह के आयोजन किए जाते हैं, इसी कड़ी में कैदियों के लिए होली का आयोजन भी किया जाता है.
सेंट्रल जेल में बरसाना थीम पर होली
देश भर में होली बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है. वहीं, इंदौर के सेंट्रल जेल में भी बरसाना होली की थीम पर कैदियों के साथ होली खेलने जेल डिजी वरुण कपूर पहुंचे. इस दौरान जेल अधीक्षक अलका सोनकर भी कार्यक्रम में शामिल रहीं. जेल परिसर के अंदर ही तकरीबन 700 से 800 बंदियों ने होली का त्यौहार मनाया गया, इस दौरान जेल डिजी वरुण कपूर ने कैदियों पर गुलाल उड़ाया और उन्हें इस महापर्व की शुभकामनाएं दीं.
कैदियों के सधार व मानसिक स्वास्थ्य के लिए होते हैं आयोजन
इस अवसर पर जेल डिजी ने कहा, '' प्रदेश की 125 जेलों में इस बार होली का त्यौहार कैदियों के साथ जेल प्रबंधकों द्वारा मनाया जा रहा है. जेल के अंदर बंद कैदियों के सुधार के लिए इस तरह के आयोजन किए जा रहे हैं, और आने वाले दिनों में भी इस तरह के कार्यक्रम होते रहेंगे.'' इंदौर सेंट्रल जेल अक्सर कैदियों के सुधार के लिए जेल के अंदर होने वाली सांस्कृतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा में रहता है. वहीं, इस बार जेल प्रबंधक ने बरसाना थीम के साथ जेल के अंदर होली का त्यौहार आयोजित किया.

यह भी पढ़ें-
सतरंगी रंगों में रंगे मध्य प्रदेश के सियासतदान, शिवराज बोले- दुनिया में बम वर्षा नहीं रंग वर्षा हो
कैदियों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
कैदियों ने इस बार होली पर भगोरिया नृत्य की भी प्रस्तुति दी. वहीं, महिला कैदियों ने भी भक्ति संगीत पर सांस्कृतिक प्रस्तुति दी. इंदौर के सेंट्रल जेल में होली समेत विभिन्न त्यौहारों में पुरुष बंदियों के साथ-साथ महिला बंदियों को भी शामिल किया जाता है. हालांकि, ये पहला मौका है जब जेल में बंद कैदियों के साथ ही जेल डीजी ने भी होली पर कैदियों के साथ रंग खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया.

