इंदौर कांड: पीड़ितों से मिलने फिर भागीरथपुरा जाएगी कांग्रेस टीम, आर-पार की लड़ाई का ऐलान
इंदौर कांड को लेकर कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में व्यापक आंदोलन छेड़ने का किया ऐलान. मंत्री कैलाश विजयवर्गीय व महापौर पुष्यमित्र भार्गव से मांगा इस्तीफा.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 5, 2026 at 1:28 PM IST
इंदौर : इंदौर के भागीरथपुरा में जहरीले पानी से हुई मौतें व बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने के मामले को लेकर कांग्रेस ने और आक्रामक रुख अपना लिया है. मध्य प्रदेश कांग्रेस ने बीजेपी सरकार के विरोध में प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है. 11 जनवरी को कांग्रेस के सारे बड़े नेता इंदौर में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और महापौर पुष्यमित्र भार्गव के इस्तीफे की मांग को लेकर पैदल मार्च करेंगे.
इंदौर कांड के जिम्मेदारों पर एफआईआर की मांग
आंदोलन की जानकारी देते हुए कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बताया "भागीरथपुरा के मौजूदा हालात के लिए सरकार और प्रशासन जिम्मेदार है." उन्होंने आरोप लगाया "नगर निगम, महापौर और संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है. जिम्मेदार लोगों पर तत्काल एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए. कांग्रेस इस मामले की न्यायिक जांच कराएगी और पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी."
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से इस्तीफे की मांग
जीतू पटवारी ने स्पष्ट किया "कांग्रेस सिर्फ बयानबाजी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जमीन पर उतरकर संघर्ष करेगी. इसी क्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचेंगे और उनकी समस्याएं सुनकर न्याय दिलाने का भरोसा दिलाएंगे." कांग्रेस ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से इस्तीफे की मांग की है. इसके साथ ही महापौर और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को भी पार्टी ने जोर-शोर से उठाया है.
इंदौर के बड़ा गणपति से राजवाड़ा तक प्रदर्शन
जीतू पटवारी ने कहा "जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा. कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ा गणपति से राजवाड़ा तक प्रदर्शन करेंगे. इसके अलावा 11 जनवरी को बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा. इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे."
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा "पार्टी के पदाधिकारी और कांग्रेस का जांच दल भागीरथपुरा पहुंचा था लेकिन भाजपा नेताओं की गुंडागर्दी और प्रशासनिक संरक्षण के कारण पीड़ित लोगों से चर्चा नहीं हो पाई. इसलिए फिर से कांग्रेस के नेता लोगों से मिलने पहुचेंगे. इसके लिए उन्होंने कलेक्टर से समय मांगा है."
- प्रदेश भर में कांग्रेसियों का ‘घंटा बजाओ’ प्रदर्शन, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से मांगा इस्तीफा
- 'कैलाश विजयवर्गीय को लौटा दूंगा 2 लाख', भागीरथपुरा में पत्नी की मौत से दुखी पति का दर्द
वार्ड स्तर पर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने का संकल्प
कांग्रेस पार्टी का कहना है कि यह प्रदर्शन जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाने के लिए किया जाएगा. कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से वार्ड स्तर पर भी रणनीति बनाई गई है. प्रत्येक वार्ड में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, जो नगर निगम के हर वार्ड में जाकर जनता से सीधे संवाद करेंगे. इन बैठकों में नगर निगम द्वारा किए गए कार्यों, उनकी वास्तविक स्थिति और जनता की समस्याओं पर चर्चा की जाएगी.

