भागीरथपुरा के लोग धड़ाधड़ लगवा रहे आरओ सिस्टम, नहीं मिल रहा पीने का साफ पानी, जमकर नारेबाजी
इंदौर के भागीरथपुरा में स्थानीय लोगों ने पार्षद के खिलाफ जमकर की नारेबाजी. पीने का साफ पानी नहीं मिलने का लगाया आरोप.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 4, 2026 at 7:25 PM IST
इंदौर: भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने के कारण लगातार हो रही मौत से स्थानीय लोग डरे हुए हैं. अधिकृत रूप से अभी तक 6 लोगों की मौत हो चुकी हैं लेकिन यहां के लोगों के मुताबिक मौत का आंकड़ा 15 से ऊपर जा चुका है वहीं सैकड़ों लोग बीमार हैं और अस्पताल में भर्ती हैं. स्थानीय निवासियों का आरोप है कि भागीरथपुरा क्षेत्र में अभी भी गंदगी पसरी हुई है और पीने के लिए पानी नहीं मिल रहा. स्थानीय लोगों ने पार्षद के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया.
इधर, टैंकर से सप्लाई हो रहा पानी पीने के लायक नहीं है ऐसे में स्थानीय लोग अब आरओ सिस्टम लगवा रहे हैं. एक स्थानीय दुकानदार का दावा है कि वह रोज 3 से 4 आरओ सिस्टम लगा रहे हैं और 150 लोगों के ऑर्डर बुक हो चुके हैं.
स्थानीय लोगों ने पार्षद के खिलाफ किया प्रदर्शन
भागीरथपुरा क्षेत्र में पीने के पानी की व्यवस्था नहीं होने और गंदगी साफ नहीं होने को लेकर स्थानीय लोगों ने रविवार को जमकर प्रदर्शन किया. स्थानीय भाजपा पार्षद कमल बाघेला के खिलाफ भी नारेबाजी की.
ईटीवी भारत संवाददाता ने लोगों से बात की तो स्थानीय लोगों का आरोप है कि गंदगी और पानी की समस्या को लेकर कई महीनों से पार्षद को बताया जा रहा था लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया. लगातार हो रही मौत के बाद भी प्रशासन द्वारा पीने के पानी को लेकर अभी तक किसी तरह की कोई खास व्यवस्थाएं नहीं की हैं. टैंकर अब आने लगा है लेकिन पानी पीने लायक नहीं है. ऐसे में आरओ सिस्टम लगाओ नहीं तो बाजार से बोतल बंद पानी खरीदकर पीना ही विकल्प है. ये दोनों बहुत महंगे हैं.
धड़ाधड़ लग रहे आरओ सिस्टम
भागीरथपुरा क्षेत्र में गंदा पानी से हुई मौत का अधिकृत आंकड़ा 6 बताया जा रहा है लेकिन लोगों की मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है. लगातार हो रहीं मौत और अस्पताल में सैकड़ों लोगों के चल रहे इलाज को देखते हुए लोग साफ पीने के पानी की व्यवस्था खुद करने में लगे हैं. ऐसे में संपन्न लोग अपने-अपने घरों में आरओ सिस्टम लगवा रहे हैं. यहां हर रोज लोग धड़ाधड़ आरओ लगवा रहे हैं.
- मिनरल वाटर से बन रही चाय, दूषित पानी ने लोगों को डराया, होटल मालिक परेशान
- भागीरथपुरा में बढ़ सकती है मृतकों की संख्या! सरकारी आंकड़ा 6, ICU में 13 मरीज
- दूषित पानी की जांच करने इंदौर पहुंची NIRBI टीम, अभी तक रहस्य बना जानलेवा संकमण
लगातार हो रही मौत के डर से लगवाया आरओ सिस्टम
गंदे पानी की समस्या से निजात पाने के लिए आर्थिक रूप से संपन्न लोगों ने घरों में आरओ लगवाना शुरू कर दिया है. स्थानीय निवासी बबलू का कहना है कि "उन्हें भी दूषित पानी पीने के कारण पेट से संबंधित बीमारियां हो गई थीं. उल्टी-दस्त होने के बाद मां भी बीमार हो गईं. जिनका इलाज चल रहा है. लगातार हो रही मौत के डर से उन्होंने आरओ सिस्टम लगवा लिया है."
आरओ सिस्टम सप्लाई करने वाले मनीष व्यास का कहना है कि "रोज 4 से 5 आरओ लगा रहे हैं. भागीरथपुरा क्षेत्र से तकरीबन 150 लोगों ने आरओ लगाने के लिए संपर्क किया है. अभी तक 20 से 25 लोगों ने 1 से 2 दिनों में आरओ लगवा लिए हैं. यहां लोगों को कंपनी की कीमत पर ही आरओ लगा रहे हैं और उनसे कोई अतिरिक्त पैसा नहीं लिया जा रहा है."

