भागीरथपुरा में फिर 30 से अधिक बीमार, जन्मदिन पार्टी में सरकारी बोरिंग के पानी का इस्तेमाल
इंदौर के भागीरथपुरा में जन्मदिन पार्टी के बाद बीमार लोग. 2 महिलाओं की स्थिति गंभीर, अधिकतर बीमार उज्जैन के रहने वाले, अलर्ट पर स्वास्थ्य विभाग.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 24, 2026 at 7:28 AM IST
इंदौर: इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने के कारण पिछले दिनों कई लोगों की मौत का मामला अभी भी सुर्खियों में बना हुआ है. इसी कड़ी में एक बार फिर भागीरथपुर में एक बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान तकरीबन 30 से अधिक लोग बीमार हो गए हैं. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर दो महिलाओं के बीमार होने की सूचना मिली है और उनका इलाज लगातार जारी है.
पार्टी में सरकारी बोरिंग का पानी पिलाया गया
बताया जा रहा है कि इंदौर के भागीरथपुरा में आकाश चौहान नामक एक व्यक्ति के यहां उनके 2 साल के बेटे के जन्मदिन पर एक पार्टी आयोजितकी गई. पार्टी में तकरीबन 50 से 60 मेहमानों को बुलाया गया था. खाने में दाल बाफले, आलू की सब्जी और लड्डू था. इन्हें बनाने के लिए क्षेत्र में ही मौजूद सरकारी बोरिंग के पानी का प्रयोग किया गया था. साथ ही आए हुए मेहमानों को भी सरकारी बोरिंग का पानी पिलाया गया था. फिलहाल कार्यक्रम पूरी तरीके से निपट गया था लेकिन रविवार दोपहर अचानक आयोजक आकाश को एक के बाद एक आए हुए मेहमानों के तबीयत खराब होने की जानकारी लगी.
एक के बाद एक मेहमानों के बीमार होने का आ रहा फोन
वहीं, उज्जैन, कांटा फोड़ सहित अन्य जगहों से भी आकाश के यहां कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मेहमान आए हुए थे. फिलहाल सभी के द्वारा एक के बाद एक उन्हें फोन कर इस बात की जानकारी दी गई कि उनकी तबीयत खराब हो गई है और लगातार पेट दर्द और दस्त आ रहे हैं. साथ ही आकाश के परिवार में भी मौजूद उनके भाई, भाभी और उनकी पत्नी भी बीमार हो गई हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया.
आयोजक आकाश का कहना है कि "अभी तक तकरीबन 30 से अधिक उनके मेहमान बीमार हो चुके हैं. संभवत: बोरिंग के पानी का प्रयोग करने के कारण इस तरह से उनके यहां आए हुए मेहमान बीमार हुए हैं. अधिकतर मेहमान उज्जैन और कांटा फोड़ के रहने वाले हैं जिसके चलते उन्हें वहीं के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है."
आकाश के परिवार की सदस्य लक्ष्मी का कहना है कि "मेरा भाई संतोष और भाभी ममता भी दूषित पानी और खाना खाने के कारण बीमार हुए हैं और काफी गंभीर उनकी स्थिति बनी हुई है और उनका प्रारंभिक तौर पर क्षेत्र में ही मौजूद हॉस्पिटल से इलाज करवाया गया लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है."
ये भी पढ़े:
- इंदौर में दूषित पानी से दहशत में रहवासी, भागीरथपुरा में खाली होने लगे मकान
- इंदौर में दूषित पानी से मौतों की सॉलिड वजह अब आई सामने, सरकार ने किया कन्फर्म
- इंदौर के बाद महू में दूषित पानी का कहर, 25 से ज्यादा लोगों को लिवर की समस्या, 6 बच्चे भी भर्ती
इंदौर जिला स्वास्थ्य अधिकारी माधव हसानी का कहना है कि "प्रारंभिक तौर पर क्षेत्र में मौजूद आकाश नामक व्यक्ति के यहां पर जन्मदिन पार्टी का आयोजन था. उसी में शामिल होने के लिए कुछ मेहमान आए हुए थे और उनके ही बीमार होने की जानकारी लगी है. प्रारंभिक तौर पर दो महिलाओं के बीमार होने की जानकारी हम तक पहुंची थी और उनका उपचार शुरू कर दिया गया है. फिलहाल अन्य जो भी लोग बीमार हुए हैं उन तक भी स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार पहुंच रही है और पूरे घटनाक्रम में काफी अलर्ट है."

