इंदौर में डॉगी को वाहन से कुचलने की कोशिश, CCTV फुटेज के आधार पर FIR दर्ज
इंदौर में ड्राइवर ने नगर निगम के वाहन को जानबूझकर डॉगी पर चढ़ाया. डॉगी ने दिखाई गजब की फुर्ती, मुश्किल से जान बची.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 6, 2026 at 2:18 PM IST
इंदौर : शहर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में श्वान पर इंदौर नगर निगम चालक द्वारा क्रूरतापूर्वक गाड़ी चढ़ा दी गई. सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि डॉगी रास्ते में बैठा है. नगर निगम का वाहन उस पर चढ़ जाता है लेकिन डॉगी किसी प्रकार अपनी जान बचा लेता है. जैसे ही ये फुटेज डॉग्स लवर के हाथों में लगा तो वे लोग पुलिस थाने शिकायत करने पहुंचे.
महिला ने दिया सीसीटीवी फुटेज
डॉग्स लवर की शिकायत पर पुलिस ने इंदौर नगर निगम कर्मचारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है. अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में रहने वाली निशा चौहान ने पीपुल्स फॉर एनिमल की अध्यक्ष प्रियांशु जैन को फोन पर जानकारी दी कि एक स्वान पर इंदौर नगर निगम के चालक द्वारा चढ़ा दिया गया है. इसका सीसीटीवी भी महिला ने उपलब्ध कराया. जैसे ही उन्होंने यह सीसीटीवी फुटेज देखा तो पूरे मामले की शिकायत अन्नपूर्णा पुलिस को की.

पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज
अन्नपूर्णा पुलिस ने इस पूरे ही मामले में सीसीटीवी के आधार पर गाड़ी चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है. एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह का कहना है "पूरे ही मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है. सीसीटीवी में भी देखा जा सकता है कि किस तरह से चालक द्वारा सड़क पर खड़े श्वान पर कार चढ़ाई जा रही है."
- स्ट्रीट डॉग के ऊपर महिला ने डाला खौलता पानी, पुलिस ने दर्ज की FIR, देखें वीडियो
- इंदौर में डॉग के पपी बेरहमी से मारा, सिर पर डंडा मारकर उतारा मौत के घाट, वीडियो आया सामने
डॉगी ने किसी प्रकार खुद को बचाया
जब श्वान वाहन के नीचे आया तो कार चालक द्वारा उसे आगे-पीछे कर कुचलने का प्रयास किया गया. जैसे तैसे श्वान ने वाहन से खुद को बचाया. जल्द इस पूरे मामले में आरोपी को नोटिस जारी कर बयान के लिए थाने बुलाया जाएगा. इंदौर व भोपाल में ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जब जान बूझकर डॉग्स के साथ बर्बरता की गई. डॉग्स लवर ऐसी घटनाओं के विरोध में कई बार कार्रवाई करवा चुके हैं. हालांकि लोगों में अब जागरुकता आई है लेकिन अभी भी ऐसी घटनाएं सामने आना बहुत दुखद है.

