सोनम रघुवंशी की तरह एक और बेवफा दुल्हन, वकील दूल्हे को निपटाने ले गई शिलांग
इंदौर के राजा रघुवंशी की कहानी फिर से दोहराने की साजिश. दुल्हन के खतरनाक इरादे लेकिन युवक की सतर्कता से बची जान.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 21, 2026 at 7:19 PM IST
इंदौर : इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी के मर्डर जैसी ही खौफनाक घटना होते-होते बची. ये मामला भी इंदौर का है. दुल्हन ने अपने दूल्हे को जान से मारने के लिए वही स्थान चुना जो सोनम रघुवंशी ने अपने दूल्हे राजा रघुवंशी को खत्म करने के लिए चुना था. दुल्हन हनीमून मनाने के बहाने पति को शिलांग ले गई लेकिन पति की सजगता से बड़ा कांड होते-होते बचा.
मेट्रोमोनियल साइट से रिश्ता तय हुआ
इंदौर की खुड़ैल पुलिस ने पति की शिकायत पर उसकी नई नवेली पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है. खुड़ैल थाना क्षेत्र में रहने वाला युवक वकील है. उसने मेट्रोमोनियल साइट से कानपुर में रहने वाली युवती नीलिमा सेंगर से शादी की. शादी के कुछ ही दिन बाद वह अपने प्रेमी के साथ घर में रखे हुए 25 तोला सोने चांदी के जेवरात व नगद रुपया लेकर फरार हो गई.
शिलांग में जहर देकर मारने की कोशिश
पीड़ित पति ने पुलिस को शिकायत की. पुलिस ने नीलिमा और उसके प्रेमी शुभम सेंगर के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया है. पीड़ित पति ने पुलिस को बताया "उसकी पत्नी नीलिमा ने इंदौर की रहने वाली सोनम रघुवंशी की तरह अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची. नीलिमा उसे सोनम की ही तरह शिलांग लेकर गई और वहां पर जहर देकर मारने की कोशिश की गई, लेकिन उसे शंका हुई तो वह पत्नी के साथ वापस शिलांग से इंदौर आ गया."
- शिलांग कोर्ट में सोनम को देखते ही चीखा विपिन रघुवंशी, यही है मेरे भाई राजा की कातिल
- राजा रघुवंशी मर्डर केस में 5 पर आरोप तय, पुलिस ने पेश की थी 790 पेज की चार्ज शीट
जिसे भाई बताती थी, वह पत्नी का प्रेमी निकला
इसके बाद पति ने अपने स्तर पर पत्नी नीलिमा के प्रोफाइल को खंगाला तो जानकारी लगी कि जो युवक उसके घर आता है, वह पत्नी का भाई नहीं बल्कि प्रेमी है. ये युवक इंदौर का ही रहने वाला निकला. पत्नी ने शुभम को अपना भाई बताकर मिलवाया था. वह आए दिन उसकी पत्नी से मिलने घर आता था. जब पति ने अपनी पत्नी से उसके प्रेमी के बारे में पूछा तो वह खामोश हो गई.
इसके बाद अपने प्रेमी शुभम के साथ घर में रखे 25 तोला सोने और चांदी के जेवरात और नगद रुपए लेकर फरार हो गई. डीएसपी देहात नितिन सिंह का कहना है "पति की शिकायत पर उसकी पत्नी और प्रेमी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है."

