एमपी में आम आदमी पार्टी लाएगी केजरीवाल मॉडल, सारी विधानसभा सीटों पर तैयारी शुरु
मध्य प्रदेश में अगले साल होने जा रहे नगरीय निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी पूरी ताकत से उतरेगी. विधानसभा चुनाव की भी तैयारी.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 27, 2026 at 1:50 PM IST
|Updated : May 27, 2026 at 3:02 PM IST
इंदौर : दिल्ली की सत्ता गंवाने और पंजाब के सांसदों के बीजेपी में शामिल होने से निराशा में डूबी आम आदमी पार्टी ने मध्य प्रदेश में संगठन को नए सिरे से खड़ा करके तीसरा विकल्प बनने का दावा किया है. सत्ता का केजरीवाल मॉडल लोगों को समझाया जाएगा. मध्य प्रदेश में तीसरी राजनीतिक पार्टी के तौर पर स्थापित होने की कोशिश में जुटी आम आदमी पार्टी अब सत्ता के विकल्प के लिए केजरीवाल मॉडल लागू करेगी.
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की भी तैयारी
दिल्ली और पंजाब में सरकार बनाने के बाद आम आदमी पार्टी ने गुजरात और गोवा में उपस्थिति दर्ज कराते हुए अब मध्य प्रदेश में भी अपना दम दिखाने की तैयारी की है. आप के मध्य प्रदेश प्रभारी एवं दिल्ली के पूर्व विधायक जयभगवान उपकार बताते हैं "आम आदमी पार्टी गुजरात, गोवा, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ेगी. इसके साथ ही वर्ष 2028 में मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी आम आदमी पार्टी सभी 230 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी."
बूथ स्तर तक विस्तार अभियान
आप ने निर्णय लिया है कि वह किसी भी अन्य राजनीतिक दल से गठबंधन नहीं करेगी और अपने बलबूते पर चुनाव लड़ेगी. इसके अलावा 2027 में होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव मे भी आम आदमी पार्टी सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी. आम आदमी पार्टी अपने संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेश, जोन, जिला, विधानसभा और बूथ स्तर तक व्यापक संगठन विस्तार अभियान चला रही है. प्रदेश कमेटी, जिला कमेटी तथा विभिन्न प्रकोष्ठों में नई नियुक्तियां की गई हैं.
- राघव चड्ढा मामले में विजयवर्गीय का बड़ा बयान, कहा- आम आदमी पार्टी राजनीतिक दल नहीं लुटेरों की संस्था
- AAP के सत्ता गंवाने के बाद स्वाति मालीवाल का रिएक्शन, कहा- रावण का अहंकार भी उसे नहीं बचा सका
मूलभूत समस्याओं पर फोकस
आम आदमी पार्टी द्वारा सभी जोनों में राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं. आम आदमी पार्टी 14 जून को इंदौर में जोन का राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करेगी. आम आदमी पार्टी लगातार आम जनता की मूलभूत समस्याओं पानी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार को लेकर मैदान में है. पार्टी ने गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों, नीट घोटाले और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर देशभर में आंदोलन और प्रदर्शन किए हैं.

