ETV Bharat / state

गार्डन में खेल रहे बच्चों का किडनैप, युवती ने मांगी 15 लाख फिरौती, पुलिस ने भेजा जेल

इंदौर में गार्डन में खेल रहे बच्चों का हुआ अपहरण, आरोपियों ने मांगी 15 लाख की फिरौती, पुलिस ने 7-8 घंटे में पकड़ा.

INDORE KIDNAPPING CASE
गार्डन में खेल रहे बच्चों का किडनैप (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : April 24, 2026 at 10:50 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

इंदौर: पलासिया थाना क्षेत्र में रहने वाले दो बच्चे गार्डन में खेलने के लिए गए थे, तभी एक युवती दोनों बच्चों को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गई. इसके बाद परिजनों को फोन कर 15 लाख रुपए की फिरौती मांगी. साथ ही पैसे न देने पर बच्चों को इंदौर से बाहर ले जाने की धमकी दी. परिजनों ने तुरंत पुलिस को किडनैपिंग की जानकारी दी. जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों बच्चों को सकुशल बचा लिया है और आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है.

गार्डन से बच्चों को किया किडनैप

इंदौर के पलासिया थाना क्षेत्र के ग्रेटर तिरुपति का यह मामला है. यहां पर रहने वाले 10 वर्षीय नैतिक अपने दोस्त 11 वर्षीय सम्राट के साथ पास के ही गार्डन में खेलने के लिए गया हुआ था. जब बच्चे खेल रहे थे, तभी वहां पर एक युवती आई और दोनों बच्चों को पास की ही दुकान से कुछ सामान दिलाने का कहकर अपने साथ ले गई. जब करीब 2 से 3 घंटे तक जब बच्चे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, इसी दौरान नैतिक की मां पूजा के व्हाट्सएप नंबर पर एक कॉल आया और फोन लगाने वाली युवती ने पूजा से 15 लाख रुपए की फिरौती मांगी.

परिजन और पुलिस ने दी जानकारी (ETV Bharat)

15 लाख की मांगी फिरौती, पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा

साथ ही यह भी धमकी दी कि यदि कुछ ही घंटे में 15 लाख रुपए नहीं मिले तो, वह दोनों बच्चों को अपने साथ लेकर शहर छोड़कर चली जाएगी. जैसे ही धमकी भरा फोन परिजन को आया, उन्होंने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी. पुलिस ने तुरंत सख्ती दिखाते हुए गार्डन और आसपास लगे सीसीटीवी खंगालने शुरू किए. एसीपी तुषार सिंह ने बताया कि "पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 से 8 घंटे के अंदर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और बच्चों को सकुशल बचाया.

INDORE POLICE ARRESTED 4 ACCUSED
इंदौर पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (ETV Bharat)

आरोपियों में पति-पत्नी और भाई-बहन

मामले में पुलिस ने राधिका और विनोद को गिरफ्तार किया है, जो आपस में भाई बहन हैं. जबकि ललित और तनिष्का पति-पत्नी है. वहीं बताया जा रहा है कि राधिका और तनिष्का दोनों की दोस्ती थी और जल्द ही करोड़पति होने के लिए यह षड़यंत्र रचा था. बाद में उन्होंने अपने परिजनों को भी शामिल कर लिया. पुलिस आरोपियों के पहले के आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है." वहीं बच्चों के सही सलामत मिलने पर परिजनों ने पुलिस को धन्यवाद भी दिया है.

आरोपियों ने 15 दिन की थी रेकी

जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों युवतियों ने बच्चों का अपहरण करने से पहले उनसे पहले दोस्ती की. तकरीबन 15 दिनों तक रेकी करने के बाद उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया है. वहीं जिन बच्चों का आरोपियों द्वारा किडनैपिंग की गई थी, उनमें से एक बच्चे नैतिक के पिता जूस का ठेला लगाते हैं. जबकि सम्राट के पिता ढोलक बजाते हैं.