सीएम सुक्खू के विधानसभा क्षेत्र में एक भी महिला को नहीं मिले 1500 रुपये, डिप्टी सीएम का क्षेत्र टॉप पर
हरोली की 5553 महिलाओं को सम्मान निधि मिल रही. जबकि सीएम की विधानसभा क्षेत्र में एक भी महिला को नहीं मिल रहे 1500 रुपए.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : September 2, 2026 at 4:48 PM IST
शिमला: सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की महत्वाकांक्षी योजना इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि को लेकर एक रोचक तथ्य सामने आया है. हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सेशन में उपरोक्त योजना को लेकर एक सवाल किया गया था. सरकार की तरफ से दिए गए जवाब के अनुसार सीएम सुक्खू की विधानसभा सीट नादौन में इस योजना की एक भी लाभार्थी महिला नहीं है. वहीं, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की विधानसभा सीट हरोली की महिलाएं इस योजना का लाभ उठाने में सबसे आगे है. यानी हरोली की लाभार्थी महिलाओं की संख्या प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों में से अधिक है.
हरोली की 5553 महिलाओं को सम्मान निधि मिल रही है. नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की निर्वाचन सीट सिराज की 550 महिलाओं को योजना का लाभ मिल रहा है. वहीं, जिला कांगड़ा की कई विधानसभा सीटों पर भी इस योजना की लाभार्थी महिलाओं की संख्या शून्य है. प्रदेश की 68 सीटों में से 16 सीटों पर लाभार्थी महिलाओं की संख्या शून्य है. उनमें भी सबसे अधिक राज्य के सबसे बड़े जिला कांगड़ा की सीटें हैं, जहां शून्य लाभार्थी हैं.
हिमाचल में विधानसभा चुनाव से पूर्व कांग्रेस की दस गारंटियों में से एक अहम गारंटी 18 से 59 साल की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए की सम्मान निधि प्रदान करना था. विपक्ष के आरोप के अनुसार ये गारंटी बेशक अधूरी है, लेकिन कांग्रेस सरकार का दावा है कि वो चरणबद्ध तरीके से पात्र महिलाओं को सम्मान निधि दे रही है.
राज्य में कुल 68 विधानसभा सीटें हैं. उनमें सबसे बड़े जिला कांगड़ा की 15 सीटें हैं. यहां पंद्रह में से दस सीटों पर महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल रहा है. इसी तरह हमीरपुर की नादौन सीट सहित सुजानपुर, भोरंज व बड़सर में भी लाभार्थियों की संख्या शून्य है. यदि विधानसभा सीट वार आंकड़ा देखा जाए तो बिलासपुर सदर की लाभार्थी महिलाओं की संख्या 1154 है. इसी प्रकार घुुमारवीं में ये संख्या 1258, झंडूता में 580, श्री नैना देवी जी में 262 महिलाओं को लाभ मिल रहा है. कुल बिलासपुर जिला में 3254 महिलाएं इस योजना की लाभार्थी हैं.
किन्नौर विधानसभा सीट में लाभार्थियों की संख्या 309 है. लाहौल-स्पीति में ये संख्या 1171 है. यहां स्पीति घाटी में 357 व काजा में 814 महिलाएं लाभ ले रही हैं. स्पीति घाटी में सभी महिलाओं के लिए सीएम की तरफ से खास ऐलान किया गया था. चंबा की चुराह सीट पर 130 महिला लाभार्थी हैं. वहीं, भटियात में 389, चंबा में 489, डलहौजी में 151 व भरमौर सीट में 86 लाभार्थी हैं.
पांगी भरमौर व पांगी इलाके में क्रमश: 108 व 1926 महिलाएं लाभ उठा रही हैं. जिला कांगड़ा की केवल पांच सीटों में महिलाओं को लाभ मिल रहा है. यहां विधानसभा क्षेत्र बैजनाथ, कांगड़ा, शाहपुर, पालमपुर, सुलह, फतेहपुुर, जयसिंहपुर, ज्वाली, ज्वालामुखी व नूरपुर में लाभार्थियों की संख्या शून्य है. कांगड़ा में केवल जसवां-प्रागपुर, नगरोटा, धर्मशाला, इंदौरा व देहरा में ये लाभ मिल रहा है. इसी प्रकार मंडी में करसोग व सुंदरनगर सीटों पर लाभार्थियों की संख्या शून्य है.
ये भी पढ़ें: 'हिमाचल को 2032 तक सबसे अमीर राज्य बनाने का क्या है फॉर्मूला, रोते-रोते खत्म हो रहा कार्यकाल'

