होली में घर जाना होगा आसान: रेलवे ने दिया बड़ा तोहफा, अंबाला से चलाई जाएगी 22 जोड़ी स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनें
होली पर रेलवे ने 22 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाए जानें की घोषणा की है. इससे यात्रियों को त्यौहार के समय यात्रा में राहत मिलेगी.

Published : February 23, 2026 at 5:04 PM IST
अंबाला: होली के पावन पर्व पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेल ने 22 जोड़ी नई होली एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है. इन विशेष ट्रेनों से उत्तर प्रदेश, बिहार सहित अन्य राज्यों में जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. हर वर्ष त्योहारों के दौरान ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ हो जाती है, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है. इस बार रेलवे प्रशासन ने पहले से ही तैयारी करते हुए अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की है, जिससे सफर अधिक सुरक्षित और आरामदायक हो सकेगा.
अंबाला मंडल से विशेष संचालन: इस बारे में अंबाला रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक नवीन झा ने बताया कि, "यह सभी ट्रेनें आरक्षित श्रेणी की होंगी. इन ट्रेनों का संचालन विभिन्न स्टेशनों से किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को लाभ मिल सके. त्योहारों के अवसर पर प्रवासी श्रमिक और अन्य यात्री बड़ी संख्या में अपने गृह राज्यों की ओर जाते हैं, जिसके कारण ट्रेनों में दबाव बढ़ जाता है. इसी स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 22 जोड़ी होली एक्सप्रेस ट्रेनें चलाई जाएगी."
स्टेशन पर कड़े सुरक्षा इंतजाम: अंबाला रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक नवीन झा ने आगे बताया कि, "होली के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अंबाला छावनी स्टेशन पर विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं. रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) के जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई है. स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके. यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना रेलवे की पहली जिम्मेदारी है और इस दिशा में सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं."
मंथली सीजन टिकट की सुविधा जारी: दैनिक यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए मंथली सीजन टिकट (MST) की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी. नवीन झा ने स्पष्ट किया कि काउंटर से मंथली पास बनना बंद नहीं हुआ है. हालांकि, यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने एक मोबाइल एप भी तैयार किया है, जिसके माध्यम से एंड्रॉयड फोन उपयोगकर्ता घर बैठे ही अपना पास रिन्यू कर सकते हैं. इस डिजिटल सुविधा से समय की बचत होगी और काउंटर पर लगने वाली लंबी कतारों से भी राहत मिलेगी.
नई रेल लाइन का प्रस्ताव और विकास कार्य: रेल बजट में प्रस्तावित अंबाला-दिल्ली नई रेल लाइन को लेकर भी वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक ने जानकारी दी. उन्होंने बताया कि, "फिलहाल यह परियोजना मसौदा स्तर पर है और विस्तृत सर्वे रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि डबल लाइन बिछाई जाएगी या तीसरी अलग लाइन तैयार की जाएगी. इसके अलावा अंबाला रेल मंडल में कई विकास परियोजनाएं तेजी से चल रही हैं, जिनमें चंडीगढ़, चंडी मंदिर, बद्दी तथा दौलतपुर से पंजाब के मुकेरिया तक रेल लाइन कार्य शामिल है."
यात्रियों को मिलेगी समग्र सुविधा: रेलवे प्रशासन का मानना है कि अतिरिक्त ट्रेनों, सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था और डिजिटल सुविधाओं के माध्यम से इस होली पर यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा. त्योहार के अवसर पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए यह पहल निश्चित रूप से राहत भरी साबित होगी और भीड़ प्रबंधन में भी सहायक सिद्ध होगी.
ये भी पढ़ें:अंबाला में रिसेप्शन की रात बनी खून की रात, पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, दो की हालत गंभीर

