ETV Bharat / state

भारतीय सेना ने रेतीले धोरों में बरसाई 'आग', दिखाई अपनी मारक क्षमता

सेना की दक्षिणी कमान ने जैसलमेर की पोकरण रेंज में सैन्य अभ्यास किया. इसमें सेना की संयुक्त मारक क्षमता का प्रदर्शन किया गया.

Military exercise in Pokhran
पोकरण में सैन्य अभ्यास (Photo Source: Defence PRO (Rajasthan))
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 25, 2026 at 9:36 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जैसलमेर: भारतीय सेना की दक्षिणी कमान की टुकड़ियों ने जैसलमेर की पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में सैन्य अभ्यास 'अग्नि वर्षा' किया. थार में इस व्यापक युद्धाभ्यास में सेना ने अपनी परिचालन तत्परता, समेकित युद्ध कौशल और आधुनिक तकनीक आधारित क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया. सेना ने अपनी तैयारी संयुक्त हथियारों के समन्वित प्रयोग, लंबी दूरी की सटीक मारक क्षमता और नेटवर्क-सक्षम कमांड एवं कंट्रोल प्रणाली को वास्तविक युद्ध परिस्थितियों के अनुरूप परखी.

संयुक्त फायर एवं मैन्युवर ड्रिल के जरिए मैकेनाइज्ड फोर्सेज ने बहु-डोमेन वातावरण में तालमेल, गति और सटीकता का प्रदर्शन किया. 25 देशों से आए रक्षा पत्रकारों ने भी अभ्यास देखा. जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा) राजस्थान लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन ने बताया, अग्नि वर्षा ने रेगिस्तानी क्षेत्र में संयुक्त युद्ध क्षमता, आधुनिक तकनीक और त्वरित निर्णय क्षमता का सफल प्रदर्शन किया. यह राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की पूर्ण तैयारी दर्शाता है.

पढ़ें : थार के धोरों में भारत की सेना का दिखा पराक्रम, 'ऑपरेशन खड़ग शक्ति' दमदार प्रदर्शन के साथ संपन्न

लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन ने बताया कि 'अग्नि वर्षा' में मानवरहित हवाई प्रणालियां, काउंटर-ड्रोन तकनीक, सटीक प्रहार रॉकेट, आधुनिक तोपखाना प्लेटफॉर्म और नेटवर्क आधारित निगरानी संसाधनों का व्यापक उपयोग किया गया. संयुक्त मैन्युवर फोर्स में टी-90 टैंक, के-9 वज्र, बोफोर्स तोप प्रणाली, रॉकेट प्लेटफॉर्म, स्वदेशी एएलएच वेपन सिस्टम इंटीग्रेटेड हेलिकॉप्टर, एएच-64 अपाचे और विभिन्न स्ट्राइक और सर्विलांस ड्रोन शामिल रहे. सेना का कहना था कि यह अभ्यास सेना की प्रौद्योगिकी समावेशन, आत्मनिर्भरता और क्षमता विकास की दिशा में निरंतर प्रगति को दर्शाता है.

Agni varsha exercise
अग्निवर्षा अभ्यास (Photo Source: Defence PRO (Rajasthan))

पढ़ें : वायुशक्ति-2026 और 'अग्नि वर्षा': पाक सीमा के पास पोखरण में दिखेगा सेना का शौर्य, गरजेंगे फाइटर जेट और तोप के गोले