इंडियन आर्मी में अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, इस दिन तक कर सकते हैं आवेदन
हिमाचल में अग्निवीर भर्ती के लिए तीन जिलों के युवा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 16, 2026 at 12:44 PM IST
मंडी: भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती योजना के तहत साल 2027 की भर्ती के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है. यह जानकारी आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस मंडी के भर्ती निदेशक कर्नल गौतम निशांत ने दी है. उन्होंने बताया कि इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी 13 फरवरी से 01 अप्रैल 2026 तक भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर ऑनलाइन माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं.
इतने अग्निवीर ट्रेड के लिए कर सकते हैं आवेदन
भर्ती निदेशक कर्नल गौतम निशांत ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों के सभी पात्र युवा इस भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं. भर्ती से संबंधित सभी पात्रता शर्तें एवं दिशा-निर्देश वेबसाइट पर विस्तार से उपलब्ध हैं. उम्मीदवार अधिकतम दो अग्निवीर ट्रेड के लिए आवेदन कर सकते हैं. उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वेबसाइट पर वीडियो लिंक भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिनके माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया एवं ऑनलाइन परीक्षा देने की विधि को आसानी से समझा जा सकता है.
अग्निवीर के इन पदों पर होगा ऑनलाइन एग्जाम
कर्नल गौतम निशांत ने बताया कि अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल, अग्निवीर टेक्निकल और 10वीं व 8वीं पास ट्रेडमैन श्रेणियों के लिए ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी. परीक्षा की तिथि से संबंधित जानकारी भी समय पर वेबसाइट के जरिए उपलब्ध करवाई जाएगी. भर्ती निदेशक ने अभ्यर्थियों से आग्रह किया कि वे ऑनलाइन पंजीकरण से पूर्व पात्रता शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और आवेदन पत्र में सभी जानकारियां सही ढंग से भरें. अगर आवेदन के दौरान किसी प्रकार की समस्या आती है या फॉर्म सबमिट नहीं हो पा रहा है, तो अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय मंडी से संपर्क कर सकते हैं. उन्होंने मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों के युवाओं से आह्वान किया कि वे भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा के लिए आगे आएं और अपने भविष्य को सशक्त व उज्ज्वल बनाएं.

