ETV Bharat / state

भारत की टेंट पेगिंग टीम ने 2026 विश्व कप के लिए किया क्वालीफाई, हरियाणा पुलिस के एएसआई जितेंद्र सिंह ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर लहराया परचम

टेंट पेगिंग विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टेंट पेगिंग टीम ने क्वालीफाई कर लिया है.

India tent pegging team qualifies for World Cup 2026
भारतीय टेंट पेगिंग टीम ने टेंट पेगिंग विश्व कप 2026 के लिए क्वालीफाई (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 11, 2026 at 10:53 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पंचकूला: भारतीय टेंट पेगिंग टीम ने 2026 टेंट पेगिंग विश्व कप के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वालीफाई कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाया है. यह उपलब्धि 29 से 31 जनवरी 2026 तक जॉर्डन की राजधानी अम्मान में आयोजित विश्व कप क्वालीफाइंग चैंपियनशिप के दौरान हासिल की गई. प्रतियोगिता के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने अपने कौशल, साहस और उत्कृष्ट समन्वय का प्रभावशाली प्रदर्शन किया. इन खिलाड़ियों में हरियाणा पुलिस के एएसआई जितेंद्र सिंह ने टेंट पेगिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश पुलिस का दम दिखाया.

डीजीपी ने दी बधाई: हरियाणा के पुलिस महानिदेशक, अजय सिंघल ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि "भारतीय टीम ने विश्व मंच पर देश की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है." उन्होंने कहा कि "खिलाड़ियों का अनुशासन, समर्पण और कठिन परिश्रम युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है. एएसआई जितेंद्र सिंह ने अनुशासित प्रशिक्षण, सटीक तकनीक और साहस के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रतिभा का परिचय दिया." डीजीपी ने इस उपलब्धि को हरियाणा पुलिस के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि "यह विभाग की प्रतिबद्धता, दक्षता और खेल भावना का प्रेरणादायक उदाहरण है."

घोड़ा पुलिस को विश्व कप के लिए बधाई: डीजीपी ने ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) संदीप सिंह कश्यप, कंसल्टेंट के-9 एवं घोड़ा (माउंटेड) पुलिस, को बधाई देते हुए कहा कि "उनके मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और रणनीतिक सहयोग ने टीम की तैयारी को मजबूती प्रदान की है." डीजीपी ने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी विश्व कप में भी भारतीय टीम उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्र को गौरवान्वित करेगी और खेल के क्षेत्र में नई उपलब्धियों का अध्याय लिखेगी."

देश के लिए गौरव का क्षण: डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि "यह सफलता न केवल भारतीय टेंट पेगिंग के निरंतर विकास और सुदृढ़ संरचना का प्रतीक है, बल्कि यह दर्शाती है कि भारतीय खिलाड़ी वैश्विक स्तर पर किसी भी चुनौती का सामना करने में सक्षम हैं. देश को अपने इन खिलाड़ियों पर गर्व है और समूचा राष्ट्र उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है."

शानदार टीम एवं व्यक्तिगत प्रदर्शन: प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने ओवरऑल स्टैंडिंग में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक झटका. पहले दिन लांस इवेंट्स में टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता, जबकि दूसरे दिन स्वॉर्ड इवेंट्स में स्वर्ण पदक अपने नाम कर श्रेष्ठ प्रदर्शन किया. तीसरे दिन रिंग्स इवेंट्स में टीम ने दोबारा तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अर्जित किया. व्यक्तिगत स्पर्धाओं में खिलाड़ी धनराज सिरसाट ने लांस इवेंट में कांस्य पदक और स्वॉर्ड इवेंट में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. टीम के खिलाड़ी धनराज सिरसाट, जितेंद्र सिंह, संदीप सिंह और एलडी बोंगे गणेश बालिराम ने अदम्य साहस, तीव्र गति और सटीक नियंत्रण का परिचय देते हुए प्रतियोगिता को रोमांचक बनाया.

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम की सराहना: अंतरराष्ट्रीय टेंट पेगिंग महासंघ (आईटीपीएफ) के अध्यक्ष मोहम्मद ईसा अल फेयरूज ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि "टीम ने विश्व स्तरीय प्रतिस्पर्धा में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर अपनी क्षमता का परिचय दिया है." उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों के अनुशासन, तकनीकी दक्षता और निरंतर प्रगति की सराहना करते हुए इसे भारत में टेंट पेगिंग खेल के सशक्त विकास का प्रमाण बताया.

India tent pegging team qualifies for World Cup 2026
टेंट पेगिंग विश्व कप 2026 के लिए क्वालीफाई (Etv Bharat)
ये भी पढ़ें-टी-20 वर्ल्ड कप: हरियाणा के क्रिकेटर यूएई टीम की जीत के लिए उतरेंगे मैदान पर, कभी हरियाणा रणजी टीम में नहीं हुए थे शामिल