अलीगढ़ में झाड़-फूंक के नाम पर महिला से अभद्र हरकत; तांत्रिक सीताराम गिरफ्तार
अलीगढ़ में दादों थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि तांत्रिक सीताराम को गिरफ्तार किया गया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 3, 2026 at 10:37 PM IST
अलीगढ़: अलीगढ़ में झाड़-फूंक के नाम पर महिला से अभद्र हरकत करने वाले कथित तांत्रिक को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया. दादों थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आया था, जिसमें एक व्यक्ति इलाज के बहाने महिला के साथ अनुचित व्यवहार करता नजर आ रहा था.
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. मामला थाना दादों क्षेत्र के एक गांव का है.
वीडियो से आरोपी की पहचान: दादों थाना प्रभारी सुनील कुमार ने कहा कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति सीताराम पुत्र गंगासहाय है, जो खुद को तंत्र-मंत्र का जानकार बताता था. वह अपनी भतीजी के घर उसकी ननद का इलाज झाड़-फूंक के जरिए कर रहा था. पीड़ित महिला बदायूं जिले के थाना सहसवान क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी.
कथित तांत्रिक चढ़ा पुलिस के हत्थे: थाना पालीमुकीमपुर पुलिस ने वीडियो स्वतः संज्ञान लिया और वीडियो की सत्यता की जांच की. जांच में अभद्रता की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसके खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126, 135 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है. दादों थाना प्रभारी सुनील कुमार ने कहा कि वीडियो के आधार पर तुरंत कार्रवाई की गई ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित न हो.
स्थानीय लोगों का आक्रोश: वीडियो के चलते गांव और आसपास के इलाकों में आक्रोश का माहौल बन गया था. पुलिस ने आरोपी से पूछताछ भी की है और मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों का इलाज करने का दावा करता था. ग्रामीणों के अनुसार, कई लोग उसके पास अंधविश्वास के चलते जाते थे.
पुलिस ने लोगों से अपील की: इस वाकये के बाद गांव के लोगों में नाराजगी थी. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने से बचें और यदि किसी को ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत सूचित करें. पुलिस का कहना है कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
यह भी पढ़ें- जानिये कौन हैं यूपी कैडर की IPS अपर्णा कुमार? माउंट एवरेस्ट पर लहराया तिरंगा, नई पीढ़ी को दी खास एडवाइस

