ETV Bharat / state

निंबाहेड़ा पहुंची आयकर विभाग की टीम, पंजीयन कार्यालय में खंगाले दस्तावेज

जांच की सूचना सोशल मीडिया पर प्रसारित होते ही शहर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया. विभिन्न वर्गों में कयास लगाए जाने लगे.

Sub Registration Office in Nimbahera
निंबाहेड़ा में उप पंजीयन कार्यालय (ETV Bharat Chittorgarh)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 28, 2026 at 2:07 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

चित्तौड़गढ़: जिले के निंबाहेड़ा तहसील क्षेत्र में शुक्रवार रात उस समय हलचल मच गई, जब उदयपुर से आयकर विभाग की विशेष जांच टीम उपखंड कार्यालय परिसर स्थित उप-पंजीयन कार्यालय एवं मुद्रांक विभाग पहुंची. टीम ने यहां दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की. टीम के शुक्रवार को कार्यालय पहुंचने के बाद देर तक दस्तावेजों का परीक्षण चलता रहा. वहीं तहसीलदार ने इसे रूटीन जांच बताया.

आयकर अधिकारी अनिल कुमार भम्भानी के नेतृत्व में टीम निंबाहेड़ा पहुंची थी. भम्भानी ने बताया कि यहां रजिस्ट्री से संबंधित फाइलों, रजिस्टरों तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का बारीकी से अवलोकन किया. जांच के दौरान कार्यालय में सामान्य कामकाज जारी रहा, लेकिन कर्मचारियों एवं आमजन में टीम आने की चर्चा रही. आयकर अधिकारी अनिल कुमार भम्भानी ने मीडिया को बताया कि यह कार्रवाई नियमित प्रक्रिया के तहत की जा रही तथा रूटीन जांच है. उन्होंने किसी विशेष मामले की पुष्टि नहीं की. वहीं निंबाहेड़ा तहसीलदार घनश्याम जरवार ने भी इसे सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया बताते अधिक जानकारी देने से इनकार किया.

पढ़ें: कोटा के प्रतिष्ठित जिंक व्यापारी के ठिकानों पर आयकर विभाग का छापा, सुबह 6 बजे ही पहुंची टीम

जानकारों के अनुसार, आयकर विभाग ने रजिस्ट्री से जुड़े कुछ मामलों में बोगस चेक, फर्जी पैन कार्ड नंबर तथा संदिग्ध दस्तावेजों के माध्यम से किए वित्तीय लेनदेन की जांच की. बताया जा रहा है कि कुछ रजिस्ट्रियों में लेन-देन की प्रकृति और प्रस्तुत दस्तावेजों को लेकर विभाग को संदेह था. इस आधार पर कार्रवाई की गई. जांच की सूचना सोशल मीडिया पर प्रसारित होते ही शहर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया. विभिन्न वर्गों में इसे लेकर कयास लगाए जाने लगे. हालांकि आधिकारिक स्तर पर इसे नियमित जांच बताया गया. देर रात तक जांच के बाद आयकर विभाग की टीम आवश्यक दस्तावेजी जानकारी एकत्र कर उदयपुर लौट गई. फिलहाल विभाग ने कोई कार्रवाई या अनियमितता की पुष्टि नहीं की है, लेकिन इस घटनाक्रम ने क्षेत्र के प्रशासनिक हलकों में चर्चा को जन्म जरूर दे दिया.

पढ़ें:किसान के नाम पर फर्जी फर्म, 143 करोड़ का आयकर नोटिस मिला तो उड़ गए होश