ETV Bharat / state

गिग वर्कर्स से मारपीट–छीना-झपटी की घटनाएं बढ़ी, 94 संदिग्ध गिरफ्तार, सीकर में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ पकड़ा

एरिया डोमिनेशन के तहत खोह नागोरियान थाने की 12 टीमों का गठन किया गया और थाना इलाके में सर्च अभियान चलाया गया.

People living without rent agreement and police verification arrested
बिना किरायानामा और पुलिस सत्यापन के रह रहे लोग गिरफ्तार (Source - Jaipur Police)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : July 9, 2026 at 4:13 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर/सीकर: राजधानी के खोह नागोरियान थाना इलाके में गिग वर्कर्स के साथ मारपीट और छीना-झपटी की बढ़ती वारदातों को लेकर गुरुवार को पुलिस ने एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई को अंजाम दिया. इसमें आवासन मंडल के गिरनार अपार्टमेंट में अवैध रूप से रह रहे 94 लोगों को बीएनएस की धारा 170 में गिरफ्तार कर निरोधात्मक कार्रवाई की गई. इनमें तीन युवतियां भी हैं. वहीं, अवैध और बिना नंबर के 20 वाहनों को जब्त किया गया. वहीं सीकर में हनुमानगढ़ डिपो की एक रोडवेज बस में सफर कर रहे महिला–पुरुष यात्री के कब्जे से भारी मात्रा में अफीम और डोडा पोस्त बरामद किया गया.

सुबह 5 बजे चलाया गया सर्च अभियान: जयपुर पूर्व डीसीपी रंजीता शर्मा ने बताया, गुरुवार को सुबह 5 बजे से खोह नागोरियान थाना इलाके में एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई की गई. इसके तहत गिग वर्कर्स के साथ लगातार बढ़ती चोरी, लूट, मारपीट और छीना-झपटी की वारदातों को देखते हुए अवसान मंडल की गिरनार अपार्टमेंट में सर्च अभियान चलाया गया. बिना किरायानामा और बिना पुलिस सत्यापन के अवैध रूप से रह रहे 94 लोगों को बीएनएस की धारा 170 में गिरफ्तार कर पाबंद करवाया गया. इनमें तीन युवतियां भी शामिल हैं.

पढ़ें: जयपुर रेंज में एरिया डोमिनेशन: पुलिस की 469 टीमों ने 3045 स्थानों पर दी दबिश, 1098 बदमाश गिरफ्तार

आबकारी अधिनियम के चार मुकदमे दर्ज: उन्होंने बताया, बिना नंबर की और अवैध वाहनों पर भी कार्रवाई की गई. इस दौरान 20 संदिग्ध वाहनों को एमवी एक्ट व अन्य अधिनियमों में जब्त किया गया. इसके साथ ही दो दिन तक खोह नागोरियान थाना इलाके में एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया. इस दौरान अवैध रूप से शराब की बिक्री पर कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के तहत चार मुकदमे दर्ज किए गए. अवैध शराब जब्त कर तीन महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.

पढ़ें: चित्तौड़गढ़ में 575 पुलिसकर्मियों ने घेरा पूरा जिला, 111 गिरफ्तार, नारकोटिक्स टीम ने 101 KG डोडा चूरा पकड़ा

थाना इलाके में 12 टीमों ने दी दबिश: उन्होंने बताया कि एरिया डोमिनेशन के तहत खोह नागोरियान थाने की 12 टीमों का गठन किया गया और थाना इलाके में सर्च अभियान चलाया गया. इस दौरान अवैध रूप से जुआ खेलने वाले और सट्टे की खाईवाली करने वालों पर भी सख्ती की गई. राजस्थान सार्वजनिक द्यूत अधिनियम के तहत दो मुकदमे दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इस दौरान 13380 रुपए रुपए जब्त किए गए. उन्होंने बताया कि जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया.

Accused caught with narcotics
मादक पदार्थों के साथ पकड़े गए आरोपी (ETV Bharat Sikar)

पढ़ें: एरिया डोमिनेशन: करौली जिले में पुलिस की छापेमार कार्रवाई, 108 आरोपियों को किया गिरफ्तार

सीकर में 11 किलो से ज्यादा मादक पदार्थ जब्त: लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस ने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए हनुमानगढ़ डिपो की रोडवेज बस में सफर कर रहे महिला–पुरुष यात्री के कब्जे से भारी मात्रा में अफीम और डोडा पोस्त बरामद किया गया. कार्रवाई के बाद झालावाड़ जिले के निवासी सज्जन कुमार और विमल बाई को गिरफ्तार कर लिया गया है. लक्ष्मणगढ़ थानाधिकारी राजकुमार यादव ने बताया कि हनुमानगढ़ डिपो की बस को रुकवाकर संदिग्ध यात्रियों की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान एक पुरुष और एक महिला के पास से 1 किलो 450 ग्राम अफीम और 9 किलो 670 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ.