प्रसाद की दुकान में चोरों की सेंधमारी, चांदी के पत्ते और चादरों पर किया हाथ साफ, दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हरिद्वार में प्रसाद की दुकान में चोरी की घटना सामने आई है. घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 10, 2026 at 4:00 PM IST
रुड़की: हरिद्वार जिले के पिरान कलियर में स्थित एक प्रसाद की दुकान में घुसकर चोर द्वारा गल्ले में रखे मन्नत के रूप में चढ़ाए जाने वाले चांदी के पत्ते और महंगी चादरें समेत कई अन्य सामान चोरी करने का मामला सामने आया है. चोरी की पूरी वारदात पास ही लगे सीसीटीवी में कैद हो गई. पीड़ित दुकानदार ने इस मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है. तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद चोरों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, पिरान कलियर थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी अलीशान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी पिरान कलियर में स्थित पीरगैब साहब पर प्रसाद की दुकान है. तहरीर में बताया गया है कि बीती 8 फरवरी रविवार के दिन उसके परिवार में शादी समारोह कार्यक्रम था और इसी के चलते वह अपने घर पर काम में व्यस्त था.
9 फरवरी को दुकान खोली तो चोरी होने की जानकारी हुई. इसके बाद सीसीटीवी फुटेज में दोनों चोरों की पहचान की गई. पीड़ित दुकानदार का आरोप है कि आरिश और शहादत नामक युवक निवासी महमूदपुर ने उनकी दुकान में घुसकर गल्ले से प्रसाद के लिए मन्नत के रूप में चढ़ाए जाने वाले चांदी के पत्ते और कीमती चादरें समेत कई अन्य सामान चोरी किया. वहीं चोरी की पूरी वारदात पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. पीड़ित दुकानदार ने आरोप लगाया कि शहादत नामक युवक पूर्व में जेल भी जा चुका है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं. पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
पिरान कलियर थाना प्रभारी निरीक्षक रवींद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को इस मामले में तहरीर मिली है. तहरीर के आधार पर नामजद आरिश और शहादत निवासी महमूदपुर थाना कलियर के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि मामले की सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है.
ये भी पढ़ें:

