ETV Bharat / state

महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग: श्राची बंगाल टाइगर्स ने एसजी पाइपर्स को शूटआउट में 4-3 से हराया

रांची में चल रही महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग के रोमांचक मुकाबले में श्राची बंगाल टाइगर्स ने एसजी पाइपर्स को शूटआउट में 4-3 से हराया.

WOMEN HERO HOCKEY INDIA LEAGUE
खिलाड़ी अपने हुनर ​​का प्रदर्शन करते हुए (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : January 2, 2026 at 10:02 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग 2025-26 के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में श्राची बंगाल टाइगर्स ने एसजी पाइपर्स को शूटआउट में 4-3 से मात देकर बोनस अंक अपने नाम किया. निर्धारित समय तक दोनों टीमें 3-3 की बराबरी पर रहीं, जिसके बाद मुकाबला शूटआउट में गया. सडन डेथ में लालरेमसियामी ने निर्णायक गोल कर श्राची बंगाल टाइगर्स को जीत दिलाई.

WOMEN HERO HOCKEY INDIA LEAGUE
गोल करने के बाद श्राची बंगाल टाइगर्स की खिलाड़ी लालरेमसियामी (Etv Bharat)

10वें मिनट में स्कोर 1-1 से बराबर था

मैच की शुरुआत तेज रफ्तार से हुई. श्राची बंगाल टाइगर्स ने शुरुआती मिनटों में आक्रामक खेल दिखाया और लगातार पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए. छठे मिनट में अगुस्टिना गोरजेलानी ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई. हालांकि, एसजी पाइपर्स ने भी तुरंत जवाब दिया और 10वें मिनट में लोला रिएरा ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 1-1 कर बराबर कर दिया.

बराबरी ज्यादा देर तक नहीं रही. 11वें मिनट में लालरेमसियामी ने शानदार डिफ्लेक्शन के जरिए श्राची को फिर बढ़त दिलाई. दूसरे क्वार्टर में गोरजेलानी ने 18वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से अपना दूसरा गोल दागा. एसजी पाइपर्स के लगातार हमलों के बावजूद श्राची की गोलकीपर जेनिफर रिजो ने कई बेहतरीन बचाव किए और हाफ टाइम तक श्राची बंगाल टाइगर्स 3-1 से आगे रही.

WOMEN HERO HOCKEY INDIA LEAGUE
गोल रोकने का प्रयास करती खिलाड़ी (Etv Bharat)

59वें मिनट में स्कोर 3-2 था

दूसरे हाफ में एसजी पाइपर्स ने जबरदस्त वापसी की कोशिश की. तीसरे क्वार्टर में टीम ने लगातार दबाव बनाया, लेकिन श्राची की मजबूत डिफेंस और अनुशासित गोलकीपिंग के कारण कोई गोल नहीं हो सका. चौथे क्वार्टर में भी एसजी पाइपर्स का दबदबा बना रहा और आखिरकार 59वें मिनट में सुनेलिता टोप्पो ने कप्तान नवनीत कौर के शॉट को डिफ्लेक्ट कर गोल कर दिया, जिससे स्कोर 3-2 हो गया.

मैच के अंतिम क्षणों में एसजी पाइपर्स को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे 60वें मिनट में लोला रिएरा ने सफलतापूर्वक गोल में बदलकर स्कोर 3-3 कर दिया. इसके बाद मुकाबला शूटआउट में पहुंचा.

WOMEN HERO HOCKEY INDIA LEAGUE
गोल करने के बाद खिलाड़ी जश्न मनाते हुए (Etv Bharat)

शूटआउट में दोनों टीमों का स्कोर 3-3 रहा

शूटआउट में दोनों टीमों ने तीन-तीन गोल किए और स्कोर 3-3 रहा. सडन डेथ में एसजी पाइपर्स अपने मौके भुनाने में नाकाम रही, जबकि लालरेमसियामी ने दबाव में गोल कर श्राची बंगाल टाइगर्स को रोमांचक जीत दिला दी.

ये भी पढ़ें:

HIL का रोमांच और 2030 वीमेंस हॉकी वर्ल्ड कप की उम्मीद: रांची बन रही हॉकी की अंतर्राष्ट्रीय राजधानी

हॉकी इंडिया लीग को लेकर रांची में उत्साह, मोरहाबादी स्टेडियम में शुरू हुए टीमों के प्रैक्टिस सेशन

रोमांच से भरपूर दूसरे सीजन के लिए तैयार महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग, आज से मुकाबला शुरू