ETV Bharat / state

उदयपुर: पुराने विवाद में बच्चों के सामने पिता की हत्या, ग्रामीणों में आक्रोश, एक आरोपी डिटेन

उदयपुर के बेकरिया थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर दो आरोपियों ने कुल्हाड़ी से करमा राम गमेती की बेटे-बेटी के सामने हत्या कर दी.

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और ग्रामीण
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और ग्रामीण (ETV Bharat Udaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : May 25, 2026 at 6:43 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

उदयपुर: जिले के बेकरिया थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर हुए हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. बेटे और बेटी के सामने एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी से हत्या किए जाने की घटना ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है. घटना के कई घंटे बाद भी शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है. पुलिस लगातार परिजनों से समझाइश कर रही है, जबकि एक आरोपी को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है.

पुराने विवाद में की हत्या: बेकरिया थाना अधिकारी उत्तम सिंह ने बताया कि फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि खाम बुजेरी निवासी करमा राम गमेती शनिवार रात करीब 8 बजे अपनी बेटी गीता और बेटे शंभू के साथ भैंस ढूंढने निकले थे. परिजनों ने रिपोर्ट में बताया कि इसी दौरान तिलोई के खादरा क्षेत्र में फौजाराम गमेती और लक्ष्मण गमेती ने रास्ता रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों ने करमा राम पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

इसे भी पढ़ें- मनरेगा जाने का कहकर निकला युवक, अगले दिन रास्ते में मिली लाश, गला दबाकर हत्या की आशंका

एक आरोपी को पुलिस ने डिटेन किया: घटना की सूचना मिलते ही बेकरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. मामले में पुलिस ने फौजाराम गमेती को डिटेन कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी लक्ष्मण गमेती की तलाश जारी है. मृतक की पत्नी खेतु ने रिपोर्ट में बताया कि घटना के दौरान लक्ष्मण के पास बंदूक भी थी और फायरिंग की गई. हालांकि, गोली लगने की पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है.

45 घंटे बाद भी नहीं हुआ पोस्टमार्टम: परिजनों का आरोप है कि दोनों आरोपी पुराने विवाद को लेकर पहले भी कई बार जान से मारने की धमकी दे चुके थे. परिजन दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं. इसी कारण घटना के 45 घंटे बाद भी शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है. पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार समझाइश की जा रही है. मामले को लेकर गांव में तनाव बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है.

इसे भी पढ़ें- डीजे के विवाद में गोली मारकर हत्या करने का आरोपी गिरफ्तार