उदयपुर में बदमाशों का उत्पात: कारों के कांच तोड़े, पुलिस के पीछा करने पर तालाब में कूदकर फरार
उदयपुर के गोवर्धन विलास में रात 3 बजे तीन कार सवार बदमाशों ने जोगी तालाब इलाके में खड़ी कारों के कांच तोड़कर जमकर उत्पात मचाया.

Published : January 21, 2026 at 1:13 PM IST
उदयपुर: जिले के गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में बीती रात तीन कार सवार बदमाशों ने जमकर हंगामा मचाया. घटना जोगी तालाब इलाके की बताई जा रही है, जहां इन बदमाशों ने सड़क किनारे खड़ी कई कारों के शीशे तोड़ दिए और पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी. यह वारदात रात करीब 3 बजे के आसपास हुई.
कार छोड़कर भागे बदमाश: थानाधिकारी अजय राज सिंह के अनुसार घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल भेरूलाल की नजर तेज रफ्तार से रॉन्ग साइड चल रही एक संदिग्ध कार पर पड़ी. उन्होंने तुरंत कार का पीछा शुरू कर दिया. बदमाश कार को तेज गति से भगाते हुए सवीना पुलिया की ओर ले गए. वहां कार का टायर अचानक फट गया, जिसके कारण उन्होंने कार को रॉन्ग साइड खड़ा कर मौके से भागने की कोशिश की.
इसे भी पढ़ें- जोधपुर: कर्फ्यू इलाकों में बदमाशों के हौसले बुलंद, फोड़े गाड़ियों के शीशे
तालाब में कूदे बदमाश: थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस को पीछे आता देख तीनों बदमाश करीब 100 मीटर दूर स्थित रुंडेला तालाब में कूद गए. अंधेरे का फायदा उठाकर वे पानी में उतरकर फरार हो गए. सूचना मिलते ही गोवर्धन विलास थाना पुलिस मौके पर पहुंची. डूबने की आशंका को देखते हुए अल सुबह एसडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई. एसडीआरएफ ने तालाब में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन वहां सिर्फ एक जैकेट बरामद हुई. पुलिस का मानना है कि यह जैकेट तीन आरोपियों में से किसी एक की हो सकती है.
जांच में जुटी पुलिस: थानाधिकारी अजय राज सिंह ने बताया कि तालाब का पानी ज्यादा गहरा नहीं था और संभव है कि तीनों आरोपी तैरना जानते हों, इसलिए वे अंधेरे का फायदा उठाकर सफलतापूर्वक भागने में कामयाब रहे. पुलिस ने मौके से गुजरात नंबर वाली कार जब्त कर ली है. कार के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज की जांच भी की जा रही है. थानाधिकारी ने कहा कि आरोपियों ने रात में जमकर उत्पात मचाया, लोगों की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी की. पुलिस जल्द ही तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा करेगी.
इसे भी पढ़ें- कारों के कांच तोड़ने वालों का पुलिस ने निकाला जुलूस, कान पकड़ते हुए बोले अब नहीं करेंगे ऐसा

