औकात भूल जाओगे आज से तुम अपनी... पुलिस चौकी में दरोगा के सामने भाजपा महिला नेता ने युवक को मारे थप्पड़
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने महिला नेता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. दरोगा की भूमिका की भी जांच की जाएगी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 9, 2026 at 5:06 PM IST
|Updated : July 9, 2026 at 5:17 PM IST
सुल्तानपुर : नगर कोतवाली की शाहगंज पुलिस चौकी का एक वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें भाजपा की जिला कोषाध्यक्ष पूजा कसौधन एक युवक को पुलिस चौकी में दरोगा के सामने रौब दिखाकर थप्पड़ जड़ते नजर आ रही हैं. थप्पड़ मारने के बाद पूजा कसौधन धमकी देते हुए कहती हैं, तुम्हारा दिमाग सही कर देंगे. देखना, अब तुम कहां जाओगे, औकात भूल जाओगे आज से तुम अपनी.
वहीं दरोगा फोन पर किसी से बात करने में व्यस्त रहते हैं. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक्शन लेते हुए पूजा कसौधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. चौकी प्रभारी की मौजूदगी में मारपीट होने पर उनकी भी भूमिका जांच के दायरे में आ गई है.
पल्लू का पुरवा आदर्श नगर, घोसियाना के रहने वाले अरुण कुमार कोरी का कहना है, 8 जुलाई को शाहगंज चौराहे के पास पुरानी रंजिश को लेकर पूजा कसौधन और उनके बेटे ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उनके साथ मारपीट की. जान बचाने के लिए वह सीधे शाहगंज पुलिस चौकी पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी चौकी इंचार्ज अविनाश चंद्र को दी.
आरोप है कि चौकी परिसर के अंदर भी उनके साथ मारपीट की गई और धमकियां दी गईं. चौकी इंचार्ज की मौजूदगी में ही थप्पड़ मारा और अभद्र व्यवहार किया गया. इस पूरी घटना का वीडियो पुलिस चौकी में मौजूद व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है.
सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. वायरल वीडियो और घटना के समय चौकी प्रभारी की भूमिका की विभागीय जांच कराई जा रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने कहा कि पूरी घटना की जानकारी प्रदेश स्तर पर भेज दी गई है.
यह भी पढ़ें : दुधवा नेशनल पार्क में अब खूब दिखेंगे एक सींग वाले गेंडे, जानिए कितनी हुई संख्या, 1984 में असम और नेपाल से लाए थे गैंडे

