ETV Bharat / state

पोकरण में मिलावटी घी और तेल पर बड़ी कार्रवाई, 14 हजार किलो जब्त, जयपुर भेजे गए सैंपल

पोकरण में ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने नकली घी-तेल के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया.

पोकरण में खाद्य सुरक्षा विभाग का कार्रवाई
पोकरण में खाद्य सुरक्षा विभाग का कार्रवाई (ETV Bharat Jaisalmer)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : May 25, 2026 at 10:30 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जैसलमेर: राज्य सरकार के “शुद्ध आहार-मिलावट पर वार” अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने पोकरण में नकली घी और तेल के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 हजार किलोग्राम से अधिक संदिग्ध एवं मिलावटी घी-तेल जब्त किया है. कार्रवाई के दौरान कुल 13 नमूने लेकर जांच के लिए जयपुर भेजे गए हैं.

सूचना के आधार पर कंपनी पर छापा: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन तथा अतिरिक्त आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) भगवत सिंह के नेतृत्व में जयपुर मुख्यालय की विशेष टीम और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जैसलमेर के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्रवाई की गई. विभाग को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर पोकरण की लोढ़ा कॉलोनी स्थित कंपनी के परिसर पर छापामार कार्रवाई की गई. जांच के दौरान मौके पर बड़े पैमाने पर घी और खाद्य तेल के निर्माण तथा पैकिंग का कार्य संचालित पाया गया. टीम ने परिसर से मिलावटी घी, पाम ऑयल, सोयाबीन तेल और वनस्पति घी सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 5 नमूने लिए तथा लगभग 10,260 किलोग्राम सामग्री को सीज कर दिया.

नकली घी-तेल के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ (ETV Bharat Jaisalmer)

इसे भी पढ़ें- मसाला फैक्ट्री पर कार्रवाई : 5480 किलो मिर्च पाउडर और 1400 किलो चापड़ सीज

गोदाम में मिले विभिन्न ब्रांडों के घी: प्राथमिक कार्रवाई के बाद विभागीय टीम ने कंपनी के गोदाम पर भी निरीक्षण किया. यहां विभिन्न ब्रांडों के नाम से पैक किए जा रहे घी का बड़ा स्टॉक मिला. टीम ने विभिन्न ब्रांडों के घी के 8 नमूने लिए तथा करीब 4,000 किलोग्राम घी को जब्त किया. इस प्रकार कुल 13 नमूने एकत्रित किए गए और 14 हजार किलोग्राम से अधिक सामग्री सीज की गई.

आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ का मामला: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार पालीवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बड़े स्तर पर खाद्य पदार्थों में मिलावट कर आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने का प्रतीत होता है. जब्त किए गए घी और तेल के नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य प्रयोगशाला, जयपुर भेजा गया है. जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

कार्रवाई के दौरान केंद्रीय दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद शर्मा, देवेंद्र सिंह, लोकेश शर्मा, जगदीश प्रसाद तथा जैसलमेर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी किशनाराम कड़वासरा मौजूद रहे. खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से अपील की है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट संबंधी किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और मिलावटखोरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके.

इसे भी पढ़ें- मिलावट पर बड़ी कार्रवाई: 300 किलो मिलावटी पनीर करवाया नष्ट, रेस्टोरेंट में हानिकारक खाद्य तेल ले रहे थे काम