पलामू में ससुराल वालों ने बहू की हत्या कर शव जंगल में जलाया, पुलिस ने बरामद किए अवशेष
पलामू में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां ससुराल वालों ने महिला की हत्या कर शव को जंगल में जला दिया.

Published : February 14, 2026 at 6:00 PM IST
पलामू: पांडू थाना क्षेत्र अंतर्गत डाला कला गांव में एक बेहद क्रूर और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. ससुराल पक्ष ने अपनी बहू की हत्या कर दी और शव को जंगल में ले जाकर जला दिया. पुलिस को सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई और जंगल से मृतका के शव के हड्डी एवं अन्य अवशेष बरामद किए गए हैं.
घटना शुक्रवार को अंजाम दी गई. इसके बाद ससुराल पक्ष के सभी आरोपी फरार हो गए हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है.
पुलिस को मिली सूचना और जांच
पलामू पुलिस को सूचना मिली थी कि डाला कला में सितारा देवी नाम की महिला की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया है. इस सूचना के आधार पर पांडू थाना प्रभारी विगेश कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की.
घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस को चौंकाने वाली जानकारी मिली. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस डाला के जंगल में पहुंची, जहां मृतका सितारा देवी के शव के अवशेष बरामद हुए. जांच में पता चला कि हत्या के बाद शव को जला दिया गया था और शव से जुड़े अवशेषों को नष्ट करने का प्रयास किया गया था. पुलिस की टीम दंडाधिकारी के साथ जंगल में दाखिल हुई थी.
थाना प्रभारी का बयान
पांडू थाना प्रभारी विगेश कुमार राय ने बताया कि अवशेषों की जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को बुलाया गया है. उन्होंने कहा कि सितारा देवी की हत्या कर शव को जलाया गया है. ससुराल पक्ष के लोग फरार हैं और पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन कर रही है.
सितारा देवी उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले की रहने वाली थीं. मई 2025 में उनकी शादी पांडू थाना क्षेत्र के डाला कला निवासी मुकेश भुइयां के साथ हुई थी. पुलिस आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है और मामले की तह तक पहुंचने के लिए जांच जारी है. यह घटना इलाके में सनसनी फैला रही है.
ये भी पढ़ें:
दुमका: मां-बेटी हत्याकांड में खुलासा, दुष्कर्म का विरोध करने पर की गई थी हत्या
जमशेदपुर में कन्हैया यादव हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, सामने आई चौंकाने वाली वजह

