ETV Bharat / state

खींवसर: खेत में मिली बिना सिर वाली लाश, परिजनों ने जताया हत्या का शक

खींवसर के खोड़वा गांव में एक किसान का उसके ही खेत में बिना सिर वाला शव मिला. पुलिस जांच कर रही है.

headless body Found
खींवसर थाना, नागौर (ETV Bharat Nagore)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : December 13, 2025 at 6:05 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

खींवसर (नागौर): खींवसर इलाके के अंतर्गत भावण्डा पुलिस थाना क्षेत्र के खोड़वा गांव में शनिवार को एक किसान के खेत में बिना सिर वाली लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान गांव निवासी प्रहलाद राम बुगासरा के रूप में हुई है, जो खेती-किसानी का काम करता था. शव उसके अपने ही खेत में मिला. सूचना मिलते ही भावण्डा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए खींवसर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.

ब्लास्ट से मौत की आशंका: भावण्डा थानाधिकारी मानवेन्द्र सिंह के अनुसार, शव का सिर और एक हाथ पूरी तरह क्षत-विक्षत हालत में मिला, जिससे प्रतीत हो रहा है कि किसी विस्फोटक से ब्लास्ट हुआ है. इलाके में बड़ी संख्या में लाइमस्टोन की खदानें चल रही हैं, इसलिए माइनिंग में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटकों से हादसे की आशंका जताई जा रही है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी घटना ब्लास्ट से जुड़ी लग रही है, संभवतः खदानों में उपयोग होने वाले बारूद के कारण यह दुर्घटना हुई हो. हालांकि, परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए भावण्डा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है.

इसे भी पढ़ें- झाड़ियों में मिला खून से लथपथ शव, परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप, 5 डिटेन

जांच में जुटी पुलिस: थानाधिकारी मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. फिलहाल ब्लास्ट से मौत होने की संभावना प्रबल है, लेकिन यह हादसा है या हत्या, इसका पता जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही लग सकेगा. घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग दहशत में हैं. पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है.