सिरफिरे युवक ने सरे बाजार में आत्महत्या का प्रयास किया, गंभीर हालत में इलाज जारी
झालावाड़ के झालरापाटन में एक युवक ने बीच बाजार में आत्महत्या का प्रयास किया.

Published : January 2, 2026 at 7:21 PM IST
झालावाड़: जिले के झालरापाटन कस्बे में बस स्टैंड के पास बीच बाजार में एक युवक ने अपने आप को मारने की कोशिश की. यह घटना शुक्रवार शाम की है, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. लोग सहमे हुए थे और बाजार में मौजूद दुकानदारों व राहगीरों ने यह दृश्य देखकर चीख-पुकार मचा दी. अचानक हुए इस घटनाक्रम ने सभी को स्तब्ध कर दिया.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: घटना की सूचना मिलते ही झालरापाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया. युवक सड़क पर ही अचेत होकर गिर पड़ा था. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है. डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है.
इसे भी पढ़ें- विवाहित शख्स ने अफेयर के चलते वीडियो बनाकर दी जान, पत्नी ने की लड़की पर कार्रवाई की मांग
डीएसपी का बयान: मामले में जानकारी देते हुए डीएसपी हर्षराज सिंह ने बताया कि बस स्टैंड के बाहर एक सरफिरे युवक ने अचानक चाकू से अपने आप पर ही हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही बेहोश हो गया. पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया. फिलहाल युवक की स्थिति नाजुक है और उसे आईसीयू में रखा गया है.
युवक की पहचान और जांच: डीएसपी ने बताया कि युवक की जेब से मिले मोबाइल फोन के आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी. युवक की पहचान बारां जिले के हरनावदा शाहजी गांव निवासी गोविंद पुत्र दुलीचंद गुर्जर के रूप में हुई है. परिजनों के आने और उनके बयान दर्ज होने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि युवक झालरापाटन कैसे पहुंचा और उसने खुदकुशी का प्रयास क्यों किया.
इसे भी पढ़ें- जयपुर में कोचिंग छात्रा ने की आत्महत्या, बहन के साथ हॉस्टल में रह रही थी, जांच में जुटी पुलिस

