ETV Bharat / state

नौकरी दिलाने के बहाने युवक से 1 लाख रुपए और मोबाइल लूटे, गिरोह के 6 बदमाश गिरफ्तार

जयपुर में नौकरी दिलाने के बहाने बदमाशों ने युवक को बुलाया और मारपीट कर एक लाख रुपए और मोबाइल लूट लिए.

Loot in the name of job
पुलिस ने गिरोह के 6 बदमाशों को गिरफ्तार किया (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 2, 2026 at 6:33 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजधानी में नौकरी दिलाने के बहाने एक युवक को लूट का शिकार बनाने वाले गिरोह के छह बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरोह के सदस्यों ने युवक को जलमहल के पास बुलाया और सुनसान जंगल में ले जाकर मारपीट की. इसके बाद दबाव बनाकर उसके पिता से एक लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए और मोबाइल भी लूट लिया. पुलिस ने सभी छह आरोपियों को पकड़ लिया तथा लूटे गए एक लाख रुपए और मोबाइल बरामद कर लिए हैं.

जलमहल से जंगल में ले गए, मारपीट की: जयपुर (उत्तर) डीसीपी करण शर्मा ने बताया कि इस मामले में उदय मेहरा, आनंद नागर, वंश भटनागर, समीर सक्सेना, करण सिंह और तनिष्क जैन को गिरफ्तार किया गया है. सभी आरोपी जयपुर के रहने वाले हैं. उन्होंने बताया कि 1 जनवरी को परिवादी परमेश ने ब्रह्मपुरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उसने बताया कि करीब एक महीने पहले उसने उदय मेहरा को जयपुर में नौकरी दिलाने के लिए कॉल किया था. 27 दिसंबर 2025 को बातचीत के बाद उदय ने उसे जयपुर बुलाया. 30 दिसंबर को रात करीब 8 बजे उदय ने उसे जलमहल के पास बुलाया, जहां उसके अन्य साथी आ गए. उन्होंने परमेश को जंगल में ले जाकर मारपीट की और पिता से अपने खाते में एक लाख रुपए जमा करवाने का दबाव बनाया.

इसे भी पढ़ें- SDM कार्यालय का अधिकारी बन नौकरी के नाम पर की महिला से ठगी, आरोपी गिरफ्तार

ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से लिए एक लाख रुपए: परमेश के पिता ने दबाव में आकर उसके खाते से एक लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए, जिसे आरोपियों ने ऑनलाइन निकाल लिया. साथ ही उन्होंने उसका मोबाइल भी छीन लिया. मामला दर्ज होने के बाद ब्रह्मपुरी थानाधिकारी राजेश गौतम के नेतृत्व में टीम गठित की गई. पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर लगातार पीछा किया और 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरोह का मुख्य सरगना उदय मेहरा है, जिसने साजिश रचकर पीड़ित को नौकरी के बहाने बुलाया था. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की अग्रिम जांच जारी है.