जयपुर ऑडी हादसा: घायल बोला- खाना खा रहा था, तभी कार ने मारी टक्कर, लाइसेंस होगा निरस्त
जयपुर में तेज रफ्तार ऑडी कार ने ठेलों और लोगों को कुचल दिया, जिसमें 1 की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हैं.

Published : January 10, 2026 at 4:52 PM IST
जयपुर: राजधानी के मानसरोवर क्षेत्र स्थित पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र के खराबास सर्किल के पास शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे एक भयानक सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार में दौड़ रही एक ऑडी कार बेकाबू हो गई, पहले रोड डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे लगे फूड स्टॉल्स, ठेलों और वहां बैठे-खड़े लोगों पर चढ़ गई. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए. हादसा इतना भीषण था कि कार ने लगभग 30 मीटर तक ठेलों को रौंदा और इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
घायलों को तुरंत मुहाना और पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस तथा स्थानीय लोगों की मदद से एसएमएस अस्पताल, जयपुरिया अस्पताल और कुछ निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के इंचार्ज डॉ बीएल यादव ने बताया कि अस्पताल में पांच घायलों को भर्ती किया गया है. ज्यादातर घायल अब खतरे से बाहर हैं, हालांकि कुछ को आईसीयू में रखा गया है. अन्य घायलों को फ्रैक्चर, सिर में चोट, लिवर में क्षति जैसी गंभीर चोटें आई हैं.
इसे भी पढ़ें- जयपुर में बेकाबू ऑडी कार ने 15 से ज्यादा लोगों को रौंदा, एक शख्स की मौत, हादसे का CCTV आया सामने
सभी घायल खतरे से बाहर: इटर्नल हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ डी एस मलिक ने बताया कि दो मरीजों को आर्थोपेडिक विभाग में भर्ती किया गया है. दोनों को पैरों में अलग-अलग प्रकार के फ्रैक्चर हैं. दोनों मरीज सर्जरी के लिए तैयार हैं और जल्द ही उनका ऑपरेशन किया जाएगा. दो मरीजों को न्यूरोसर्जरी विभाग में भर्ती किया गया है. इनमें से एक मरीज के माथे में फ्रैक्चर है, जिसकी सर्जरी की जाएगी, जबकि दूसरे मरीज को हल्की चोटें आई हैं और वह डॉक्टरों की निगरानी में है. एक मरीज को लिवर में चोट लगी है, जिससे इंटरनल ब्लीडिंग हुई थी. उसका इलाज दवाओं से किया जा रहा है और फिलहाल सर्जरी की आवश्यकता नहीं है.
एक घायल व्यक्ति ने घटना के बारे में बताते हुए कहा, "हम कुछ लोग बाहर बैठकर खाना खा रहे थे, तभी अचानक पीछे से तेज आवाज आई और गाड़ी ने हमें टक्कर मार दी. हादसा इतना तेज था कि कुछ समझ में ही नहीं आया." प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, कार की रफ्तार 100-120 से अधिक थी और यह दो कारों की रेसिंग में शामिल थी. पुलिस जांच में संकेत मिले हैं कि कार सवार लोग नशे की हालत में थे.
इसे भी पढ़ें- जयपुर के ऑडी सड़क हादसे में एक आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार, नशे में ओवरस्पीड बनी हादसे की वजह
वहीं, इस मामले में जयपुर आरटीओ ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. जयपुर आरटीओ प्रथम राजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि ऑडी कार चालक का लाइसेंस अब निरस्त किया जाएगा. शनिवार को आरटीओ राजेंद्र सिंह शेखावत ने ऑडी कार चालक का लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश दिए हैं. बिना बीमा और ओवरस्पीडिंग के चल रहे वाहन वाहन के साथ ही अन्य राज्य में पंजीकृत वाहन का अब रजिस्ट्रेशन भी निरस्त होगा. गाड़ी के पंजीयन निलंबन के आदेश जारी किए जा रहे हैं. गाड़ी को पुलिस के साथ परिवहन विभाग ने भी सीज कर लिया है.
पुलिस के अनुसार आरोपी ड्राइवर दिनेश सोलर बिजनेसमैन बताया जा रहा है. आरोपी ने 3 महीने पहले ऑडी कार खरीदी थी. आरोपियों के मोबाइल फोन कार से बरामद हुए हैं. हादसे की जानकारी मिलते ही डिप्टी सीएम प्रेमचंद बेरवा, चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, विधायक गोपाल शर्मा, जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल समेत कई मंत्री विधायकों ने अस्पताल पहुंचकर हादसे में घायलों का हाल जाना.

