ETV Bharat / state

1008 कुंडीय महायज्ञ: जयपुर में निकली 11 हजार महिलाओं की ऐतिहासिक भव्य कलश यात्रा

जयपुर में 1008 कुंडीय हनुमत महायज्ञ से पहले 11 हजार महिलाओं की कलश यात्रा को उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने रवाना किया.

Etv Bharat
Etv Bharat (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 7, 2026 at 6:19 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजधानी के सीकर रोड पर 1008 कुंडीय श्री हनुमत महायज्ञ से पूर्व बुधवार को एक भव्य और ऐतिहासिक कलश शोभायात्रा निकाली गई. इस विशाल कलश यात्रा में 11 हजार महिलाओं ने भाग लेकर आयोजन को दिव्यता और भव्यता प्रदान की. उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने मुख्य अतिथि के रूप में पूजा-अर्चना कर कलश यात्रा को विधिवत रवाना किया.

कलश यात्रा कुकरखेड़ा अनाज मंडी से प्रारंभ होकर नींदड़ स्थित यज्ञ स्थल तक पहुंची. इस दौरान ऊंट, हाथी, घोड़े और सुसज्जित बग्गियों के साथ शाही लवाजमा देखने को मिला. पीली साड़ियां पहने महिलाएं मंगल गीत गाते हुए और गंगे मैया के भजनों पर भक्ति भाव से नृत्य करती हुई सिर पर कलश धारण कर यात्रा में शामिल हुईं. जय श्रीराम के गगनभेदी जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया.

इसे भी पढ़ें- नींदड़ में महायज्ञ : 25 हजार लीटर घी और औषधियों की सुगंध से महकेगा जयपुर, दी जाएंगी डेढ़ करोड़ आहुतियां

मातृशक्ति की अभूतपूर्व सहभागिता: आयोजन समिति के अनुसार कलश यात्रा के लगभग 4 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 51 भव्य स्वागत द्वार बनाए गए. आयोजन समिति के अनिल संत और प्रभु नारायण अग्रवाल ने बताया कि यह महायज्ञ तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य और उनके शिष्य स्वामी रामचंद्र के सान्निध्य में संपन्न हो रहा है. वहीं, कलश यात्रा संयोजक प्रहलाद दादियां और बनवारी खटोड़ ने बताया कि पुलिस प्रशासन के सहयोग से यात्रा की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.

11 हजार कलश शामिल किए गए
11 हजार कलश शामिल किए गए (ETV Bharat Jaipur)

उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि मातृशक्ति की अभूतपूर्व सहभागिता ने इस आयोजन को और भी दिव्य बना दिया है. भक्ति, श्रद्धा और अनुशासन के साथ संपन्न यह कलश यात्रा समाज के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने आयोजन समिति को इस भव्य और अनुकरणीय आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं. उपमुख्यमंत्री ने स्वयं X पर इसकी जानकारी साझा की, जिसमें उन्होंने भक्ति और उत्साह की सराहना की.

इसे भी पढ़ें- जोधपुर अक्षरधाम में मूर्ति प्रतिष्ठा समारोह, विश्व शांति महायज्ञ का शुभारंभ कल से

भव्य पंडाल में बने यज्ञ कुंड: महायज्ञ की तैयारियों को लेकर आयोजकों ने बताया कि 350 गुणा 450 मीटर क्षेत्र में विशाल यज्ञशाला का निर्माण किया गया है, जिसमें 1008 यज्ञकुंड बनाए गए हैं. यहां 1451 वैदिक विद्वान पंडित मंत्रोच्चार के साथ हवन संपन्न कराएंगे. प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक यज्ञ होगा, जिसमें एक साथ 1008 यजमान भाग लेंगे. श्रद्धालु बड़ी संख्या में यज्ञशाला की परिक्रमा भी करेंगे.

उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कलश यात्रा को रवाना किया
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कलश यात्रा को रवाना किया (ETV Bharat Jaipur)

इसके साथ ही प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से श्रीराम कथा का वाचन किया जाएगा. हवन के लिए 25 हजार लीटर घी और करीब 2 लाख किलो लकड़ी की व्यवस्था की गई है. महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन लगभग 50 हजार श्रद्धालुओं, यजमानों और संत-महात्माओं के लिए सात्विक भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई है. लकड़ी के चूल्हों पर भोजन तैयार किया जाएगा, जिसके लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और 111 हलवाई पूरे आयोजन काल में भोजन व्यवस्था संभालेंगे.

यह महायज्ञ 8 से 16 जनवरी 2026 तक नींदड़ आवासीय योजना, सीकर रोड पर आयोजित हो रहा है, जिसमें बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री सहित प्रमुख संतों की उपस्थिति रहेगी. आयोजन से पूर्व भूमि पूजन भी उपमुख्यमंत्री की मौजूदगी में हो चुका है. यह धार्मिक आयोजन सनातन संस्कृति को मजबूत करने का माध्यम बनेगा.

इसे भी पढ़ें- भोजा पायरा तीर्थ स्थल पर विष्णु महायज्ञ का आगाज, धर्म सभा में शामिल हुए संत

इसे भी पढ़ें- राजाखेड़ा में 51 कुंडीय विशाल श्रीराम महायज्ञ का शुभारंभ, 1100 कलशों के साथ निकली भव्य कलश यात्रा