भीलवाड़ा में पति ने पहले की पत्नी की हत्या, फिर कर ली खुदकुशी
पुलिस ने मृतक दंपती के शवों को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया.

Published : July 6, 2026 at 6:37 PM IST
भीलवाड़ा: जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र के आमली बरडोद गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां साढ़ू के मकान में एक दंपती ने खौफनाक कदम उठा लिया. पति ने पहले अपनी पत्नी की गला दबाकर और लोहे से मारकर हत्या कर दी. इसके बाद खुद ने भी आत्महत्या कर ली. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
सूचना मिलते ही हमीरगढ़ थाना प्रभारी (सीआई) सुनील बेड़ा जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए एमओबी और एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाकर जांच प्रारंभ की. वहीं, पुलिस ने मृतक दंपती के शवों को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया.
पढ़ेंः सौतेले पिता ने की 4 साल के मासूम बेटे की हत्या, शव दफनाया, मामले की जांच में जुटी पुलिस
दंपती का मिला शवः भीलवाड़ा सदर डीवाईएसपी नेमीचंद ने कहा कि सोमवार सुबह हमीरगढ़ थाने में सूचना मिली थी कि बनका खेड़ा निवासी कालू जाट ने अपने साढ़ू हमीरगढ़ थाना क्षेत्र के आमली बरडोद गांव में जगदीश जाट के घर आत्महत्या कर ली है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. वहां, कालू जाट मृत मिला, जबकि उसकी पत्नी दुर्गा का शव कमरे में बिस्तर पर पड़ा हुआ था. मृतका दुर्गा के भाई जगदीश ने रिपोर्ट दर्ज कराई है.

पुलिस ने शुरू की जांचः रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि कालू जाट ने पहले अपनी पत्नी दुर्गा की गला दबाकर तथा लोहे से हमला कर हत्या की और इसके बाद आत्महत्या कर ली. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिए. वहीं, मृतक दंपती के मोबाइल फोन जब्त कर उनका गहन तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.

पढ़ेंः पत्नी ने पति को मारकर बाथरूम में दफनाया शव, ऊपर प्लास्टर कर लगवाई टाइल्स, ऐसे खुला राज
तनाव में थाः डीवाईएसपी नेमीचंद ने कहा कि प्रथम दृष्टया परिजनों और ग्रामीणों का मानना है कि कालू जाट आर्थिक तंगी और पारिवारिक परेशानियों से तनाव में था. इसके कारण उसने यह कदम उठाया. पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.

