डोटासरा की चुनौती पर खींवसर का तंज, बोले- मुख्यमंत्री फ्री नहीं, जानिए विधायक क्यों हुए नाराज
बीकानेर में सरकार के 2 साल पूरे होने पर प्रभारी मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने उपलब्धियां गिनाईं और डोटासरा की बहस चुनौती पर पलटवार किया.

Published : December 13, 2025 at 4:13 PM IST
बीकानेर: राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शनिवार को बीकानेर में जिला प्रभारी मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने विकास रथों को रवाना किया और इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 5 वर्षों में कांग्रेस सरकार ने जितने काम नहीं किए, उससे कहीं अधिक काम वर्तमान सरकार ने मात्र 2 वर्षों में सिंचाई, बिजली उत्पादन और अन्य क्षेत्रों में किए हैं. मंत्री ने इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में तेजी से कार्य चल रहा है और 'राइजिंग राजस्थान' के माध्यम से निवेशक राजस्थान की ओर आशा भरी नजर से देख रहे हैं.
डोटासरा की चुनौती पर खींवसर का जवाब: प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को सरकार के कामकाज पर अल्बर्ट हॉल में सार्वजनिक बहस की दी गई चुनौती पर मंत्री खींवसर ने तीखा पलटवार किया. उन्होंने कहा, "ऐसे मुख्यमंत्री फ्री थोड़ी हैं. राजस्थान में एक ओनेस्ट और हार्ड वर्किंग मुख्यमंत्री हैं. कांग्रेस पहले अपना घर संभाले, 5 साल उन्होंने टुकड़े-टुकड़े कर सरकार चलाई. डोटासरा को पहले प्रेस को बताना चाहिए कि उनकी सरकार में क्या कमियां रही. हर किसी के बुलाने पर मुख्यमंत्री थोड़ी न जाएंगे."
इसे भी पढ़ें- भजनलाल सरकार के दो साल: मंत्रियों ने गिनाए सरकार के विकास कार्य, कांग्रेस पर साधा निशाना
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक की नाराजगी: कार्यक्रम की शुरुआत में मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने विकास रथों को रवाना किया, लेकिन स्थानीय विधायक जेठानंद व्यास के पहुंचने से पहले ही रथ रवाना कर प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू कर दी. इस बात से नाराज विधायक जेठानंद व्यास हाल में पहुंचे, लेकिन काफी देर तक कुर्सी नहीं मिलने पर खड़े रहे. बाद में मंत्री ने उन्हें बैठने को कहा तो वे बैठे, लेकिन काफी देर तक मंत्री के पीछे खड़े रहने के बाद नाराजगी जाहिर की. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों के सवालों पर विधायक भड़क गए और उनसे उलझ भी पड़े.
प्रेस कॉन्फ्रेंस समाप्त होने के बाद विधायक व्यास मंत्री के साथ कलेक्टर चैंबर में गए, जहां उन्होंने प्रोटोकॉल का ध्यान नहीं रखने पर आपत्ति जताई. कार्यक्रम में विधायक अंशुमान सिंह भाटी, सिद्धि कुमारी, जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि सहित जिले के कई अधिकारी मौजूद रहे

